- लड़की को देखकर भड़के परिजन, चाकू मारा

- घायल छात्र को अस्पताल में कराया गया भर्ती

Meerut: आबूलेन पर निशात सिनेमा हॉल में 'टू स्टेट' देखने पहुंचे प्रेमी युगल को फिल्म देखना भारी पड़ गया। जहां लड़की के गांव के कुछ युवकों ने यह देखकर आपा खो दिया। इन युवकों ने लड़के को पकड़ लिया और उसे गिरा-गिरा कर पीटा। साथ ही एक युवक ने चाकू निकाला और लड़के पर हमला बोल दिया। वहीं लड़की बचाने आई तो उसको भी पीटा गया। फिल्म में भगदड़ मच गई और लोग बाहर भागकर आए। जहां पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और एक युवक को पकड़ लिया। घायल युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह है मामला

मवाना का रहने वाला विपुल सहरावत एक प्राइवेट कॉलेज से एमबीए कर रहा है। विपुल के पिता नोएडा में एसआई हैं। विपुल भी आजकल अपने पिता के साथ नोएडा में ही रहता है। विपुल की दोस्ती सकौती की एक युवती से है। जो डीएन कॉलेज से बीकॉम कर रही है। रविवार को विपुल मेरठ आया और वहीं उसकी यह गर्ल फ्रेंड भी आ गई। जहां दोनों आबूलेन पर स्थित निशात सिनेमा हॉल में टू स्टेट फिल्म देखने पहुंच गए। वहीं इनके पीछे सकौती के रहने वाले चार युवक बैठे हुए थे।

हो गई चाकूबाजी

चारों युवकों ने जब अपने गांव की लड़की को देखा तो आग बबूला हो गए। साथ ही इन युवकों ने लड़की के भाई को भी इसकी जानकारी दे दी। अभी फिल्म का तीन से छह वाला शो चल रहा था कि बीच में इन युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। विपुल को लड़की के जानकार तीन युवकों ने दबोच लिया। उसको हॉल के अंदर ही जमकर पीटना शुरू कर दिया। हाथ में चाकू लेकर विपुल पर हमला बोल दिया गया था। सिनेमा हॉल में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाकर भागकर बाहर निकल गए।

मौके पर पहुंची पुलिस

सिनेमा में बवाल की सूचना पुलिस को दी गई। जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवकों को पकड़ने की कोशिश की, जिनमें चाकू मारने वाले तीनों युवक भाग निकले। वहीं इनके साथ आया एक युवक पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी युवक अपनी बाइक भी छोड़कर भाग गए। पुलिस ने युवती और पकड़े गए युवक को थाने भेज दिया। वहीं घायल युवक को दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया युवक परविंदर है, जिसने खुद को इस हमले में शामिल नहीं बताया। उसका कहना है कि गांव के तीनों युवकों ने विपुल पर हमला बोला था। वे लड़की को और उसके भाई को जानते थे। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सिनेमा हॉल में लड़की के जानकार युवकों ने उसके साथ आए ब्वॉय फ्रेंड को चाकू मारकर घायल कर दिया। जिनमें एक युवक पकड़ लिया गया। लेकिन उसको इस मामले में शामिल होने से इनकार किया गया है। बाकी फरार तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। घायल लड़के के पिता के आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

- अभिषेक सिंह, एएसपी सदर कैंट

Posted By: Inextlive