कानपुर। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सात सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें चांदनी चौक, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और साउथ दिल्ली की सीटें शामिल हैं।वैसे तो हर लोकसभा सीट पर मुकाबला काफी रोमांचक है। पार्टियों ने भी काफी सोच-समझ के प्रत्याशी उतारे हैं लेकिन इसमें नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और ईस्ट दिल्ली काफी चर्चा में हैं। आइए जानें बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने किस सीट पर काैन सा प्रत्याशी उतारा है।  

चांदनी चौक

चांदनी चौक सीट पर बीजेपी ने जहां दोबारा हर्षवर्धन को टिकट दिया है तो वहीं कांग्रेस ने उनके मुकाबले में जेपी अग्रवाल को मजबूत प्रत्याशी मानते हुए उतारा है। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी पंकज गुप्ता को टिकट देकर सबको चौंका दिया है।

नॉर्थ ईस्ट दिल्ली

नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट पर मुकाबला काफी रोमांचक है। इस सीट पर बीजेपी ने एक बार फिर भोजपुरी स्टार व मौजूदा सांसद मनोज तिवारी पर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस ने इस सीट पर मजबूत प्रत्याशी के तौर पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को मैदान में उतारा है। इसके अलावा आदमी आदमी पार्टी ने इन दोनों जबरदस्त कैंडिडेटों को टक्कर देने के लिए दिलीप पांडेय को अपना प्रत्याशी बनाया है।

ईस्ट दिल्ली

ईस्ट दिल्ली सीट भी इस बार काफी सुर्खियों में है क्योंकि बीजेपी ने यहां पर पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को अपना कैंडिडेट बनाया है। वहीं कांग्रेस ने इस सीट पर इस बार अरविन्द सिंह लवली पर अपना भरोसा जताया है। आम आदमी पार्टी की तरफ से इस सीट पर आतिशी मैदान में हैं।

नई दिल्ली

नई दिल्ली सीट पर बीजेपी ने दोबारा मिनाक्षी लेखी पर अपना भरोसा जताया है। उन्हें टक्कर देने के लिए कांग्रेस ने अजय मकेन को प्रत्याशी बनाया है। वहीं इन सबको टक्कर देेने में आम आदमी पार्टी की ओर से बृजेश गोयल भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

नॉर्थ वेस्ट दिल्ली

नॉर्थ वेस्ट दिल्ली सीट की बात करें तो यहां बीजेपी ने इस बार हंस राज हंस को उतारा है। वहीं कांग्रेस ने राजेश लिलोठिया और आम आदमी पार्टी ने गुग्गन सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। लोकसभा चुनाव 2014 में यहां बीजेपी ने उदित राज को उतारा था और भारी बहुमत से उनकी जीत भी हुई थी लेकिन विवादों के कारण इस बार उन्हें पार्टी की तरफ टिकट नहीं दिया गया।     

वेस्ट दिल्ली

वेस्ट दिल्ली लोकसभा सीट पर प्रवेश वर्मा एक बार फिर बीजेपी की ओर से तो महाबल मिश्रा कांग्रेस की ओर से उतरे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से बलबीर सिंह बखर  चुनावी मैदान की कमान थाम रहे हैं।

साउथ दिल्ली

साउथ दिल्ली सीट पर बीजेपी से रमेश बिधुरी तो कांग्रेस की ओर से विजेंद्र सिंह चुनावी कमान थामे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से राघव चड्डा उतरे हैं।