नई दिल्ली (पीटीआई)। केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर ने रविवार को #MeToo के तहत अपने ऊपर कई महिलाओं द्वारा लगाए गए आरोपों को 'झूठा, बनावटी और साजिश' बताते हुए नकार दिया है। उन्होंने कहा कि वह उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। अफ्रीका की यात्रा से लौटने के कुछ घंटे बाद विदेश मामलों के राज्य मंत्री अकबर ने एक बयान जरिये #metoo के आरोपों के चलते अपने पद से इस्तीफा देने से इंकार कर दिया और कहा कि यह आगामी लोकसभा चुनाव को प्रभावित करने की एक साजिश है।

सबूत के बिना आरोप बन गया है बुखार
बता दें कि भारत में #MeToo मूवमेंट के तहत कई महिलाओं ने 67 वर्षीय अकबर पर आरोप लगाया था कि जब वे पत्रकार थे तो उन्होंने उनके साथ गलत तरीके का व्यवहार किया था। इसके बाद महिलाओं ने सरकार से केंद्रीय मंत्री के इस्तीफा की मांग की थी। अकबर ने बयान में कहा, 'मेरे खिलाफ लगाए गए दुर्व्यवहार के आरोप झूठे और बनावटी हैं। मैं पहले जवाब नहीं दे सका क्योंकि मैं विदेश में आधिकारिक दौरे पर था।' उन्होंने कहा, 'साक्ष्य के बिना आरोप कुछ वर्गों में वायरल बुखार बन गए हैं। जो भी मामला है, अब मैं लौट आया हूं, मेरे वकील इन आधारहीन आरोपों को देखेंगे और उसपर कानूनी कार्रवाई करेंगे।

प्रतिष्ठा को काफी नुकसान
अकबर ने कहा, 'झूठा और आधारहीन आरोपों ने उनकी प्रतिष्ठा को काफी नुकसान पहुंचाया है और हैरानी इस बात की है कि आम चुनाव से कुछ महीने पहले यह तूफान बढ़ गया है, क्यों?' बता दें कि #MeToo मूवमेंट के तहत अकबर पर आरोप लगाने वाली महिलाओं में प्रिया रमनी, गजला वहाब, शुमा राह, अंजू भारती और शुतापा पॉल शामिल हैं। अकबर ने कहा, 'प्रिया रमनी ने एक साल पहले अपने आर्टिकल के जरिये इस अभियान की शुरुआत की थी। हालांकि उन्होंने मेरा नाम नहीं लिया क्योंकि उन्हें पता था कि यह एक गलत कहानी है। हाल ही में जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने मेरा नाम क्यों  नहीं बताया था तो उन्होंने एक ट्वीट में जवाब दिया, 'उन्होंने  कुछ भी नहीं किया इसलिए मैंने उनका नाम नहीं दिया।' अगर मैंने कुछ नहीं किया, तो क्या है ये कहानी ?'

विपक्षियों ने मांगा था जवाब
अकबर ने कहा, 'शुतापा पॉल कहती हैं, 'आदमी ने कभी मुझे हाथ नहीं लगाया।' शुमा राह कहती हैं, 'मुझे साफ करना चाहिए कि, उन्होंने सही में कुछ भी नहीं किया।' एक महिला, अंजू भारती, दावा करती हैं कि मैंने स्विमिंग पूल में उनके साथ गलत व्यवहार किया लेकिन वास्तव में मुझे तैरना ही नहीं आता।' मंत्री ने कहा कि रमनी और वहाब दोनों ने इन कथित घटनाओं के बाद भी उनके साथ काम करना जारी रखा। बता दें कि आरोप लगने के बाद कांग्रेस के नेता और भारतीय जनता पार्टी की महिला मंत्रियों ने अकबर से इस मामले पर जवाब मांगा था।

#MeToo 'बाबूमोशाय बंदूकबाज' के डायरेक्टर ने चित्रांगदा पर डाला था ऐसा करने का दबाव, अभिनेत्री ने छोड़ दी थी फिल्म

#MeToo सलमान पर भी आरोप, अमिताभ के बयान पर रिएक्शन, आमिर का फैसला

National News inextlive from India News Desk