- पुलिस का कहना लिफ्ट में फंसने से हुई मौत, शरीर पर चोट के निशान

- परिजन की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस

मैनेजर की मौत को हादसा बता रही
lucknow@inext.co.in
LUCKNOW : मानक नगर के एक होटल में मैनेजर की रहस्यमय हालत में मौत हो गई। उसका शव होटल के बेसमेंट में लिफ्ट में पड़ा मिला। मैनेजर की पत्नी ने होटल मलिक समेत पांच के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। वहीं होटल मैनेजमेंट और पुलिस मैनेजर की मौत को हादसा बता रही है।

लिफ्ट में फंसा मिला शव
इंस्पेक्टर मानक नगर ने बताया कृष्णानगर के न्यू इंद्रलोक कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार शुक्ला (60) बाराबिरवा स्थित होटल राज इंटरनेशनल में मैनेजर थे। वे शुक्रवार को ड्यूटी पर गए थे। शनिवार दोपहर तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने होटल में फोन कर संपर्क करने का प्रयास किया। सुरेश के घर से फोन आने के बाद होटल कर्मचारियों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ देर के बाद उनका शव होटल के बेसमेंट में लिफ्ट में पड़ा मिला। होटल मैनेजमेंट ने इसकी सूचना पुलिस और मैनेजर के परिजनों को दी। मौके पर मानक नगर पुलिस और सुरेश के परिवार के लोग भी पहुंचे।

शरीर पर चोट के निशान
परिजनों ने सुरेश की हत्या कर शव लिफ्ट में फेंके जाने का आरोप लगाया। वहीं पुलिस और होटल मैनेजमेंट मौत को हादसा बता रहा है। इंस्पेक्टर मानक नगर ने बताया कि सुरेश के शरीर पर चोट के निशान हैं। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में वह लिफ्ट में जाते देखे गए हैं। जिस लिफ्ट में शव मिला है उसका यूज किचन में सामान लाने के लिए किया जाता है।

पांच के खिलाफ केस दर्ज
होटल मैनेजर की पत्नी गिरिजा शुक्ला ने इस मामले में होटल के मालिक प्रदीप कुमार आठवानी, हंसराज, अविरल, अजीत व गुड्डू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि शनिवार की दोपहर तक जब पति घर नहीं पहुंचे तो उन लोगों ने उनके मोबाइल फोन पर सम्पर्क किया पर फोन भी बंद था। इसके बाद वह अपने दोनों बेटों के साथ होटल पहुंची तो होटल के मैनेजर अजीत व अन्य लोगों ने बताया कि सुरेश ड्यूटी खत्म कर घर जा चुके हैं। इसके बाद वह लोग वापस घर आ गए। कुछ देर बाद फोन आया और बताया गया कि सुरेश का शव होटल में मिला है। पत्नी का आरोप है कि होटल के मालिक व अन्य लोगों ने मिलकर सुरेश की हत्या कर शव को छुपाने का प्रयास किया।