ट्रेन ना मिलने पर स्टेशन से वापस लौटे यात्री

Meerut। लक्सर-देहरादून रेल मार्ग पर पॉवर केबिल की रिपेयरिंग के चलते गुरुवार को करीब सात घंटे के लिए दिल्ली-देहरादून रेल मार्ग बाधित रहा। इस दौरान मेरठ से गुजरने वाली दो प्रमुख ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। साथ ही कई ट्रेनों को वाया सहारनपुर संचालित किया गया। इसके बाद 28 जून को पावर लाइन रिपेयरिंग के चलते ब्लॉक लिया जाएगा।

मेरठ से योग का संचालन

ब्लॉक के चलते हरिद्वार से अहमदाबाद जाने वाले योगा एक्सपे्रस का संचालन मेरठ से किया गया। वहीं देहरादून से बांद्रा जाने वाली देहरा एक्सप्रेस को डेढ घंटे तक मेरठ में रोका गया और ब्लॉक खुलने के बाद रवाना किया गया। दिल्ली से देहारदून जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को ब्लॉक के चलते सहारनपुर तक संचालित किया गया।

ब्लॉकेज लक्सर के पास लिया गया था, जिससे मेरठ से दो प्रमुख ट्रेनें प्रभावित रही। योगा एक्सप्रेस को मेरठ से भेजा गया और देहरा करीब एक से डेढ़ घंटा देरी से चली।

आरपी शर्मा, स्टेशन अधीक्षक

देहरादून जाने के लिए शताब्दी ट्रेन का इंतजार था लेकिन स्टेशन आकर पता चला कि ट्रेन आज सहारनपुर तक चलेगी।

सुमित

देहरादून जाने वाली सभी ट्रेन बंद हैं। इसकी रेलवे द्वारा पहले से कोई जानकारी भी नहीं दी गई। यात्रियों की परेशानी कौन समझेगा।

मयंक

रेलवे को ट्रेन रद्द होने की जानकारी मैसेज देकर यात्रियों तक पहुंचानी चाहिए। रिजर्वेशन के बाद भी जानकारी नहीं मिलती है।

राजा

रेलवे सेफ्टी टीम का निरीक्षण आज

शुक्रवार को दिल्ली की सेफ्टी टीम द्वारा मेरठ सिटी स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को देखा जाएगा। दिल्ली से आने वाली इस टीम में सेफ्टी प्रबंधन समेत अन्य अधिकारियों के आने की संभावना है। निरीक्षण की सूचना मिलते ही रेलवे प्रबंधन ने देर शाम से तैयारियां भी शुरू कर दी।