-घाटमपुर में बन रहे थर्मल पॉवर प्लॉट में मजदूर की मौत के बाद बवाल , मजदूरों ने ग्रामीणों के साथ मिल कर लिया मोर्चा

-हालात काबू करने के लिए पुलिस ने किया लाठी चार्ज और हवाई फायरिंग, कंपनी कर्मचारी सहित कई मजदूर हुए घायल

KANPUR: घाटमपुर में बन रहे थर्मल पॉवर प्लॉट में मजदूर की मौत से साथियों का गुस्सा फूट पड़ा। वो कंपनी के अधिकारियों से भिड़ गए। इस दौरान उन्होंने साइट पर खड़ी कंपनी की गाडि़यां भी पथराव कर तोड़ दीं। बवाल की सूचना पर सजेती, घाटमपुर, बिधनू समेत कई थानों का फोर्स साइट पर पहुंच गया। छह सात सौ मजदूरों के साथ स्थानीय ग्रामीण भी मिल गए। जिसके बाद बवाल और बढ़ गया। हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज के साथ हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। पथराव में कंपनी के टेक्नीशियन जितेंद्र दुबे घायल हो गए और कई मजदूर घायल भी हुए। आला अधिकारियों ने ग्रामीणों व मजदूरों को समझाकर किसी तरह शांत किया।

बीमारी के बाद भी छुट्टी नहीं

मूलरूप से बिहार के कटियार का रहने वाला प्रमोद मंडल(25) लोहरामऊ घाटमपुर में बन रहे थर्मल पॉवर प्लॉट में बीते दो महीने से मजदूरी कर रहा था। वह बीजीआर कंपनी से अटैच था और लोहरामऊ में ही रहता था। गुरुवार को उसकी काम करने के दौरान हालत बिगड़ी जिसके बाद उसे हमीरपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथी मजदूरों के मुताबिक उसे लू लग गई थी। वह बीमार था फिर भी उसे छुट्टी नहीं मिल रही थी। इस वजह से वह साइट पर काम कर रहा था। हमीरपुर में भी जब डॉक्टर्स ने जवाब दे दिया तो उसे हैलट लाया गया जहां देर रात डॉक्टर्स ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। प्रमोद की मौत की सूचना मिलते मजदूर आक्रोिश्त हो उठे। एसपी ग्रामीण के मुताबिक बवाल में अभी 4 को हिरासत में लिया है। हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।