dehradun@inext.co.in
Dehradun : पटेलनगर इलाके में एक निजी कंपनी में जॉब करने वाली युवती ने कंपनी में कार्यरत एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस को आपबीती बताते हुए युवती ने कहा कि आरोपी 9 वर्ष तक उसे शादी का झांसा देता रहा और दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने दूसरी युवती से सगाई कर ली। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं एक अन्य मामले में एक मंदिर के पुजारी पर झाड-फूंक के बहाने युवती से छेड़ाछाड़ का मामला भी सामने आया है।

केस 1-
पटेलनगर थाने में एक युवती ने तहरीर देकर बताया कि वह आईएसबीटी के पास एक निजी कंपनी के दफ्तर में जॉब करती है। 2009 में उसकी मुलाकात दफ्तर में ही कार्यरत श्यामपुर निवासी विनोद नेगी से हुई। दोनों में बातचीत शुरू हुई और दोस्ती हो गई। इसी बीच दोनों ने शादी करने का भी फैसला कर लिया। पीडि़ता का आरोप है कि विनोद उसे झांसा देता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विनोद से शादी करने की बात कही तो उसने इनकार कर दिया। इसी बीच पिछले माह 25 अक्टूबर को विनोद ने किसी और युवती से सगाई कर ली। इसपर उसने विनोद से मिलकर विरोध दर्ज किया तो विनोद ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। फिर वह पुलिस की शरण में आई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

केस 2-
पटेलनगर स्थित एक मंदिर के पुजारी पर झाड़ फूंक के बहाने युवती से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता का आरोप है कि वह अपनी समस्या लेकर पुजारी की कुटिया में गई थी, जहां पुजारी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। बताया कि उसने विरोध किया तो पुजारी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पुजारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

अपनी समस्या लेकर गई थी पीडि़ता
शुक्रवार को पटेलनगर निवासी एक युवती ने थाने आकर तहरीर दी कि हनुमान मंदिर के पास रहने वाले शुक्ला पंडित नाम से चर्चित एक पुजारी के पास वह झाड़-फूंक कराने गई थी। झाड़-फूंक के नाम पर उसने उसके साथ छेड़ाछाड़ की। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी पंडित ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़त की तहरीर के आधार पर पटेलनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में पुजारी ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।