- बनारस की सशक्त संस्कृति और कला को देखेंगे मोदी के साथ आ रहे फ्रांस के राष्ट्रपति

-वैदिक मंत्रोच्चार और शहनाई वादन से होगा भव्य स्वागत

- पं। दीनदयाल हस्तकला संकुल से लेकर दरभंगा पैलेस तक तेज हुई तैयारी

कॉमन इंट्रो

'अतिथि देवो भव:' के भारतीय संस्कार से काशी अच्छी तरह परिचित है। इसका एहसास होगा 12 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बनारस आ रहे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को। उनके इस्तकबाल के लिए ऐसा इंतजाम किया गया है कि विदेशी मेहमान अभिभूत हो जाएंगे। बड़ा लालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर से लगायत गंगा घाटों, दरभंगा घाट पर मौजूद बृजरमा पैलेस, होटल गेटवे के नदेसर पैलेस में स्वागत की जबरदस्त तैयारी की जा रही है।

शहनाई की धुन से स्वागत

मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति बनारस में सबसे पहले बड़ा लालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां उनका स्वागत शहनाई की धुन से किया जाएगा। म्यूजियम के बाहर ऑडिटोरियम में 'पपेट शो' मनोरंजन करेगा। बिल्डिंग के अंदर प्रवेश करते खास मेहमान भारतीय हस्तकला का समृद्धशाली संसार देखेंगे। म्यूजियम की गैलरी में लगी घाटों की थ्री डी पेंटिंग मैक्रों को उस नौका विहार की झलक दिखाएगी, जो हस्तकला संकुल के बाद उनका अगला कार्यक्रम होगा। मैक्रों बनारसी साड़ी और कालीन की हाथ से की जाने वाली बुनाई लाइव देखेंगे। मिट्टी और लकड़ी के खिलौने कैसे तैयार होते हैं वहां मौजूद कारीगर उन्हें दिखाएंगे।

तैयार है तोहफा

फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ फ‌र्स्ट लेडी के आने की भी संभावना है। पं। दीनदयाल हस्तकला संकुल में उन्हें गिफ्ट करने के लिए कतान की बनारसी साड़ी और मैक्रों के लिए शॉल तैयार किए गए हैं। इन वीआईपी मेहमानों को बनारस की तरफ से यह यादगारें दी जाएंगी।

बयान

संस्कृति मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार हस्तकला संकुल में मेहमान के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। हमारी कोशिश है कि मेहमानों को बनारसी हस्तकला की विशेषताओं से रूबरू करा सकें।

आशीष कुमार सिंह, प्रबंधक, पं। दीनदयाल हस्तकला संकुल

कल्चरल इवेंट से होगा स्वागत

फेसिलिटेशन सेंटर से निकलने के बाद मैक्रों को लेकर मोदी हेलीकॉप्टर से बीएचयू और वहां से सड़क मार्ग से अस्सी पहुंचेंगे। यहां उनका स्वागत कल्चरल इवेंट से किया जाएगा। उन्हें शास्त्रीय संगीत और नृत्य का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। स्पिक मैके और संस्कृति विभाग की तरफ से 10 मार्च से घाट पर आयोजित दो दिनी कार्यक्रम को एक दिन और बढ़ाया गया है। वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्प वर्षा के बीच घाट की सीढि़यों पर बिछायी गए रेड कार्पेट पर चलते हुए गंगा की सैर करने के लिए हाउस बोट में सवार होंगे।

घाट-घाट पर बनारस की झलक

अस्सी से शुरू हुआ नौका विहार यूं ही खत्म नहीं होगा। यहां से सभी प्रमुख घाटों पर मोदी-मैक्रों के लिए सरप्राइज होगा। झांकियों के जरिए उन्हें बनारस के इतिहास और संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा। रीवा घाट, तुलसी घाट, प्रभु घाट, चेतसिंह घाट, शिवाला घाट आदि पर गोस्वामी तुलसी दास, महात्मा बुद्ध, बनारस का अखाड़ा, संगीत घरानों आदि की झांकियां दिखेंगी। घाटों पर मोदी और मैक्रों के कटआउट भी लगाए जाएंगे। कुछ घाटों पर दोनों राजनेताओं की तस्वीरें लेकर मौजूद रहेंगे। पूरे कार्यक्रम की निगरानी खुद केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के विशेष सचिव राघवेंद्र सिंह कर रहे हैं।

दिखेगा राजसी ठाठ-बाट

नौका विहार के दौरान पड़ाव होगा दरभंगा घाट। यहां स्थित बृजरमा पैलेस फ्रांस के राष्ट्रपति और पीएम मोदी को बनारस के राजसी ठाठ-बाट की झलक दिखाएगा। फूलों की पंखुडि़यों और गुलाब जल से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। घाट की ऊंची सीढि़यों पर चढ़ने की तकलीफ से बचने के लिए उनके लिए अलग सीढि़यां बनाई जा रही हैं। दरभंगा पैलेस के एक हिस्से में बनाए गए बृजरमा पैलेस के हॉल में मेहमानों को खास देसी भोजन परोसा जाएगा। इस दौरान हॉल में भी कलाकार लाइव म्यूजिक परफार्म करते रहेंगे।

नदेसर पैलेस में गुलाब की होली

होटल गेटवे के ऐतिहासिक नदेसर पैलेस में मेहमानों की आवभगत के खास इंतजाम किए गए हैं। लंच के बाद शीतला घाट से मैक्रों यहीं पहुंचेंगे। नदेसर पैलेस के हॉल और सुइट में काशीराज परिवार की तमाम विरासतें और रजवाड़ों के परंपरागत तौर-तरीके को देखेंगे। यहां मैक्रों और उनके साथ आए फ्रांसीसी शिष्टमंडल के लिए गुलाब की पंखुडि़यों की होली का इंतजाम किया गया है।

बयान

सभी कार्यक्रमों की तैयारियां संस्कृति मंत्रालय की तरफ से कराई जा रही हैं। तैयारी से संबंधित पर्यटन विभाग को कुछ निर्देश मिले हैं। इनका पालन कराया जा रहा है।

विकास नारायण, सहायक पर्यटन अधिकारी

डीएलडब्ल्यू में रुकेंगे मोदी

अब तक के कार्यक्रम के अनुसार फ्रांस के राष्ट्रपति को शीतला घाट से नदेसर पैलेस के लिए विदा करने के बाद पीएम मोदी बोट से अस्सी घाट आएंगे। यहां से वह डीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस पहुंचकर पार्टी नेताओं से मुलाकात और कुछ योजनाओं का लोकार्पण भी कर सकते हैं। इसके मद्देनजर डीएलडब्ल्यू में सुरक्षा चौकस कर दी गई हैं। गेस्ट हाउस में फिलहाल कोई केयरटेकर नहीं होने के कारण यहां के इंतजाम रेलवे प्रशासन ही देख रहा है। मंगलवार को डीएम और एसएसपी ने डीएलडब्ल्यू का दौरा भी किया।

देखेंगे राम और बुद्ध की कथा

बनारस में छह घंटे के प्रवास के दौरान हस्तकला संकुल और गंगा घाटों पर मोदी और मैक्रों राम और बुद्ध की कथा का मंचन भी देखेंगे। रंगमंच से जुड़े प्रतिभाशाली व्योमेश शुक्ला और उनकी टीम नाटकों 'चित्रकूट' और 'बुद्ध' के कुछ हिस्सों का मंचन गंगा घाट और हस्तकला संकुल में करेगी। इसी टीम के सौ से ज्यादा कलाकार घाटों पर बनारसी कला और ट्राइबल डांस की भी झलक दिखाएंगे।