-धनबाद और भोजपुर पुलिस पर हमले में भी थी तलाश

patna@inext.co.in
PATNA: पुलिस ने गुरुवार को हत्या में मामले में वांटेड शूटर नंद कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह उर्फ मामा को गिरफ्तार कर लिया। वह धनबाद के झरिया के भाजपा विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की हत्या का आरोपी है। पुलिस ने उसे चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ गांव के नहर के पास से गिरफ्तार किया।

18 माह से तलाश रही थी पुलिस

झारखंड पुलिस को रंजय हत्याकांड में उसकी 18 महीने से तलाश थी। इसके अलावा पूर्व में आरा में छापेमारी करने के लिए आई धनबाद पुलिस पर हमले के मामले में भी भोजपुर पुलिस को उसकी तलाश थी। हमले में भोजपुर जिले के चार पुलिसकर्मी घायल हुए थे। गिरफ्तार नंद कुमार सिंह चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ गांव निवासी स्व। बृज कुमार सिंह का पुत्र है।

जाल बिछा किया गिरफ्तार

नंद कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ एवं डीआइयू की टीम ने तीन दिनों से जाल बिछाया था। इस दौरान गुरुवार की सुबह दस बजे नंद कुमार सिंह के अपने गांव चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ गांव में होने की सूचना मिलने के बाद एसटीएफ और डीआइयू छापेमारी की। बेरथ गांव के नहर के पास पुलिस ने उसे धर दबोचा। वह भागने न पाए इसलिए एसटीएफ एवं डीआइयू के अफसरों ने पिस्तौल भी तान दी, लेकिन, किसी तरह का कोई विरोध नहीं हुआ। पुलिस उसे सीधे आरा ले आई।

2017 में की थी हत्या

धनबाद के बिग मार्केट में 29 जनवरी 2017 को हथियार बंद अपराधियों ने झरिया विधायक संजीव सिंह के दाएं हाथ माने जाने वाले रंजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।