सड़क चौड़ीकरण के दौरान हटायी गयीं स्ट्रीट लाइटें नहीं पहुंची स्टोर

अधिशासी अभियंता नगर निगम ने मुख्य अभियंता पॉवर कारपोरेशन को लिखा लेटर

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: नई स्ट्रीट लाइटें कुछ स्थानों पर लगा दी गयी तो कुछ इलाकों में अब भी अंधेरा कायम है। सड़क चौड़ीकरण का काम प्रयागराज विकाश प्राधिकरण ने कराया और पोल पॉवर कारपोरेशन ने हटाये। इस चक्कर में नगर निगम को फिलहाल करीब पचास लाख रुपये का चूना लग गया है। करीब दस हजार रुपया प्रति की दर से खरीदकर लगायी गयी पांच सौ स्ट्रीट लाइटें गायब हैं। इन्हें नगर निगम के स्टोर तक भेजवाया ही नहीं गया। इस पर नगर निगम के अधिशासी अभियंता ने पॉवर कारपोरेशन को पत्र लिखकर उतारी गयी स्ट्रीट लाइटों को वापस लौटाने के लिए कहा है। इसकी कॉपी आयुक्त के साथ पीडीए के वीसी को भी भेजी गयी है।

नगर निगम को नहीं दी गई जानकारी

रोड चौड़ीकरण के लिए प्रयागराज डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा शहर की सड़कों पर जबर्दस्त तोड़फोड़ की गयी। सड़कें चौड़ी हुई तों पॉवर कारपोरेशन को बिजली के पोलों को शिफ्ट करना पड़ा। कुछ महीने पहले ही नगर निगम द्वारा शहर के सभी 80 वार्डो में सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों पर एलईडी स्ट्रीट लाईटें लगवायी गयी थीं। रोड चौड़ीकरण के के बाद पोल तो शिफ्ट हो गये लेकिन उस पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगीं। इसे नगर निगम में जमा भी नहीं करवाया गया कि नगर निगम जरूरत के अनुसार उसे फिर से लगवा सके। स्ट्रीट लाइटें बगैर परमिशन के खंभों से उतारे जाने और नगर निगम में जमा न किए जाने पर नगर निगम के विद्युत एवं यांत्रिक विभाग के अधिशासी अभियंता डीडी गुप्ता ने मुख्य अभियंता पॉवर कारपोरेशन और अधिशासी अभियंता प्रयागराज डेवलपमेंट अथॉरिटी को पत्र भेज कर उतारे गए स्ट्रीट लाइटों को लौटाए जाने की मांग की है।

28 हाईमास्ट भी हैं गायब

दोनों विभागों के अधिकारियों को भेजे गए पत्र में अधिशासी अभियंता ने लिखा है कि रोड चौड़ीकरण के दौरान पोलों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को उतार लिया गया है। लेकिन, उन्हें नगर निगम में जमा नहीं किया गया है। 28 स्थानों पर लगे हाईमास्ट को भी खोल कर निकाल लिया गया है। इसकी भी सूचना नगर निगम को नहीं दी गई। जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए स्ट्रीट व हाई मास्ट लाइटें लौटायी जायं। ताकि इनका इस्तेमाल शहर के अन्य इलाकों में करके अंधेरा हटाया जाय।

कई सड़कों पर छाया अंधेरा

यमुना बैंक रोड, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम के साथ ही शहर की एक दर्जन से अधिक सड़कें ऐसी हैं, जहां रोड चौड़ीकरण का काम हुआ। सड़कों से पोल हटाने के साथ ही पोल पर लगी स्ट्रीट लाइटों को गायब कर दिया गया। मेन रोड पर पर तो नई स्ट्रीट लाइटें लगा दी गयीं लेकिन लिंक मार्गो को फिलहाल नजरअंदाज कर दिया गया है। जिसके बाद अब सड़कों पर अंधेरा छाया है।

कहां से कितनी स्ट्रीट लाइटें गायब

20

नेहरू पार्क रोड

58

यमुना बैंक रोड

65

बतासा मंडी

55

राजरूपपुर

60

कालिंदीपुरम

20

तेलियरगंज

35

सुलेमसराय

15

अलोपीबाग

55

निरंजन टॉकीज से घंटाघर तक

45

अल्लापुर-दारागंज

30

पंचमुखी रोड

15

करैलाबाग

25

मुंडेरा

रोड चौड़ीकरण के दौरान खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइट नगर निगम में जमा की जानी चाहिए थीं, वो गायब हैं। यह गंभीर विषय है। शिकायत अधिकारियों से करने के साथ ही कार्रवाई की मांग की गई है।

डीडी गुप्ता

अधिशासी अभियंता,विद्युत एवं यांत्रिकी, नगर निगम, प्रयागराज