PATNA: पटना निगम की लापरवाही के साथ नालों की सफाई आम लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। दरअसल राजधानी के कई इलाकों में नगर निगम की ओर से नालों से कीचड़ निकाला जा रहा है। राजीव नगर रोड नंबर छह के पास शुक्रवार को इस तरह से कीचड़ को बीच सड़क पर रख दिया गया है कि लोगों को घरों से बाहर निकलना बंद हो गया है। सड़क पर कीचड़ रखने की वजह से बाइक सवार गिरकर घायल हो जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से सड़क पर कीचड़ फैला देने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि हमलोगों का रास्ता ही बंद कर दिया गया है। यह तो नगर निगम की दादागिरी है।

-रास्ता ही कर दिया बंद

शहर के राजीव नगर रोड नंबर छह के पास शुक्रवार को नाला की सफाई का काम सुबह से ही शुरू हो गया। नाला से कचड़ा निकालकर सड़क पर डाल दिया गया। इस वजह से लोगों का आना जाना बंद हो गया है। जो लोग किसी तरह से गुजरते हैं तो उन्हें बदबू की वजह से नाक बंद कर जाना पड़ रहा है। चूंकि यह इलाका घनी आबादी वाला है और आने जाने के एकमात्र सड़क पर कीचड़ डाल दिया गया है जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

-बीमारियों का है डर

स्थानीय लोगों ने बताया कि कीचड़ की वजह से बीमारियों का डर बन गया है। यदि बारिश हो गई तो इलाके में महामारी फैल जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम के कर्मचारी काम के नाम पर कीचड़ फैलाकर खानापूर्ति कर रहे हैं। उन्हें लोगों की परवाह नहीं है।

24 घंटे में सड़क पर फैले कीचड़ को हटा लिया जाएगा। सड़क पर कीचड़ फैला है तो लोगों को परेशानी होगी ही। हमलोग तो अधिकारियों के आदेश का पालन करते हैं। जैसा आदेश मिलता है वैसा काम करते हैं।

कामदेव, सिनेटरी इंस्पेक्टर, नगर निगम