- अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त समेत 10 अधिकारियों की टीम कर रही जांच

आगरा। शहर की साफ-सफाई व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने के लिए कसावट लाने की तैयारी है। अधिकारियों की निगरानी अब वार्डो की सफाई कराई जा रही है। इस दौरान अधिकारी मौके पर पहुंचकर जहां सफाई व्यवस्था में सुधार करा रहे हैं, वहीं कर्मियों की समस्या का भी तत्काल हल निकाल रहे हैं।

शहर की बिगड़ी सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का जिम्मा 10 अधिकारियों को सौंपा गया है। इसमें अपर नगर आयुक्त विजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला के साथ अभियंताओं की टीम गठित की गई है। हर अधिकारी प्रत्येक दिन दो-दो वार्डो की सफाई व्यवस्था देखने मौके पर पहुंच रहे हैं। वहां की साफ-सफाई व्यवस्था के साथ ही कर्मियों की गतिविधियों पर भी निगरानी की जा रही है। प्रत्येक वार्ड में 2 से 3 कर्मी अनुपस्थित मिल रहे हैं। इस तरह से एक दिन में सभी अधिकारी 20 वार्ड की सफाई व्यवस्था मौके पर देख रहे हैं। इस तरह से 5 दिनों में 100 वार्डो की सफाई व्यवस्था का सत्यापन हो जाएगा। ये अभियान 27 अप्रैल तक चलेगा। इस व्यवस्था के बनने से सफाई बेहतर होने की उम्मीद है।

कर्मियों पर भी बरती सख्ती

अधिकारियों के दौरे से सफाई कर्मियों के कामकाज में गंभीरता आई है। शहर की सफाई व्यवस्था सुधरी है। एक निगम अधिकारी ने बताया कि कर्मी अब काम को लेकर बहाना नहीं बना पा रहे हैं। मौके पर ही समस्या का समाधान कर दिया जा रहा है। हर दिन दो से तीन कर्मी अनुपस्थित भी मिल रहे हैं।