होटल मालिक ने सगी बहन पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप

ALLAHABAD: रामबाग स्थित होटल ब्लू डायमंड के मालिक पंकज जायसवाल को शुक्रवार की शाम गोली मार दी गई। घटना के वक्त वह काउंटर पर बैठे हिसाब कर रहे थे। गोली चलते ही अफरा तफरी मच गई। इसी बीच मौका पाकर बदमाश भाग निकले। गंभीर अवस्था में होटल मालिक को भर्ती करा दिया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पूछताछ में उन्होंने बहन पर ही हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाकर सबको चौंका दिया।

पारिवारिक विवाद है घटना के पीछे

कोतवाली क्षेत्र रहने वाले पंकज जायसवाल का ब्लू डायमंड के नाम से रामबाग में होटल है। इस होटल को लेकर उनका परिवार के लोगों से काफी समय से विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार को दिन में तीन बजे के करीब पंकज काउंटर पर बैठे हिसाब कर रहे थे तभी कुछ अज्ञात लोग होटल में घुस आए। उन्होंने टारगेट को देखा और फायर कर दिया। ठीक सामने होने के चलते बदमाश को फायर करते हुए पंकज झुक गए तो गोली कंधे पर दायीं तरफ जा लगी। वह लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गए तो होटल कर्मचारी वहां जुट गए। कर्मचारियों के शोर मचाने पर बदमाश धमकी देते हुए भाग निकले। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि पंकज और उनकी बहन अंकिता के बीच काफी समय से होटल के बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। पंकज ने अपनी बहन पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है।

तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की जांच की जा रही है।

अनुपम शर्मा, इंस्पेक्टर कोतवाली