-बड़े बकायेदारों से हाउस टैक्स वसूलने में नगर निगम फिसड्डी

-चिन्हित 50 बड़े बकायेदारों में से महज 18 लोगों से ही हुई वसूली

VARANASI

बड़े बकायेदारों से हाउस टैक्स वसूलने में नगर निगम फिसड्डी साबित हो रहा है। फैक्ट यह है कि पिछले दो महीने से चिन्हित 50 बड़े बकायेदारों में से महज 18 लोगों से ही वसूली की जा सकी है। वसूली के लिए निर्धारित समय भी खत्म हो चुका है। इन बकायेदारों पर बकाया करीब 12 करोड़ रुपये के सापेक्ष अभी तक महज 90 लाख की ही वसूली की जा सकी है।

चार जोन में वसूली काफी कम

दरअसल, नगर निगम के चार जोन में हाउस टैक्स वसूली का फीडबैक काफी खराब है। वरुणापार जोन को छोड़ दें तो कोतवाली, भेलूपुर, दशाश्वमेध और आदमपुर जोन में वसूली लक्ष्य के सापेक्ष नहीं हो रही है। टैक्स वसूली में लचर रवैये के चलते दशाश्वमेध और आदमपुर के जोनल अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि भी दी जा चुकी है। बावजूद इसके स्थिति में सुधार नहीं आ रहा है।

अब तक आठ फीसदी ही वसूली

नगर निगम ने एक अप्रैल से अब तक 50 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष अन्य बकायेदारों से मात्र 19.10 करोड़ रुपये वसूले हैं। यानी कुल वसूली करीब 48 परसेंट हुई। लेकिन बड़े बकायेदारों से 12 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष सिर्फ 90 लाख की ही वसूली हो सकी है। यानी करीब आठ फीसदी वसूली हो सकी है। नगर निगम बड़े बकायेदारों से वसूली अब राजस्व विभाग की तरह वसूली करने की कवायद में जुट गया है।

वर्जन--

लक्ष्य के हिसाब से हाउस टैक्स की वसूली के लिए जोनल अधिकारियों, कर निर्धारण अधिकारियों व टैक्स विभाग के कर्मचारियों पर सख्ती की जा रही है।

डॉ। नितिन बंसल, नगर आयुक्त