देहरादून, 7 वार्डो में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कर रही रैमकी कंपनी पर नगर निगम अब सख्त निगरानी करने जा रहा है। निगम प्रशासन ने सफाई सुपरवाइजर्स को कंपनी के कूड़ा उठान कार्यो की डेली रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। अगर कूड़ा उठान में अनियमितता पाई गई तो कंपनी को कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

कंपनी से है करार

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नगर निगम द्वारा रैमकी कंपनी से करार किया गया है। ट्रायल बेसिस पर कंपनी द्वारा निगम के सात वार्डो में कूड़ा कलेक्शन किया जा रहा है। लेकिन, लगातार अनियमितताओं की शिकायतें आ रही हैं। ऐसे में अब नगर निगम कंपनी की डेली मॉनिटरिंग करेगा। निगम के सुपरवाइजर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का वेरिफिकेशन करेंगे और इसकी रिपोर्ट रोजाना नगर निगम में सबमिट करेंगे।

मॉनिटरिंग में चूक तो सुपरवाइजर नपेंगे

मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी कैलाश जोशी ने बताया कि वर्तमान में कंपनी 7 वार्डो में कूड़ा उठान का काम कर रही है। ये फ‌र्स्ट फेज है, सेकंड फेज में 23 और वार्डो में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कंपनी द्वारा शुरू किया जाएगा। कूड़ा कलेक्शन को लेकर मिल रही शिकायतों को देखते हुए सुपरवाइजर्स को मॉनिटरिंग करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वे डेली रिपोर्ट निगम को देंगे, निगम स्तर पर रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी। कोई लापरवाही कहीं पाई जाती है तो कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, इतना ही नहीं मॉनिटरिंग में भी चूक हुई तो सुपरवाइजर्स को भी नहीं बख्शा जाएगा। सुपरवाइजर्स को सुबह सात बजे अपने वार्ड में मॉनिटरिंग के लिए जाना होगा।

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुपरवाइजर्स को वेरिफिकेशन कर डेली रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कहीं लापरवाही पाई गई तो कंपनी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

कैलाश जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।