-फर्टिलाइजर में आयोजित बीजेपी किसान मोर्चा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू

-बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने किया उद्घाटन, देशभर से आए किसान प्रतिनिधियों में भरा उत्साह

GORAKHPUR: पुलवामा में हुई आतंकी घटना से देश रोष में हैं। जवानों के प्रति हमारी संवेदना है। मोदी सरकार जीरो टालरेंस अपनाते हुए सख्त कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोली का जवाब गोले से देंगे। यह बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को गोरखपुर में कहीं। उन्होंने फर्टिलाइजर में आयोजित बीजेपी के दो दिवसीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन का उद्घाटन किया। इसमें देशभर के भाजपा के 3949 किसान प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

किसान प्रतिनिधियों में भरा जोश

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देशभर से आए किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों में जोश भरते हुए कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के लिए ठोस कदम उठा रही है। इससे पहले की सरकार ने नहीं उठाया है। पहले 38 मिलियन हेक्टेयर भूमि पर खेती हो रही थी आज 107 हेक्टेयर की खेती हो रही है। एक भी दाना बाहर से नहीं लाना पड़ता है। मोदी सरकार ने जो नीति अपनाई है वह किसानों के भविष्य के लिए लाभदायक रही है। कृषि अनुसंधान में मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने जितना पैसा खर्च किया है उसका राहुल बाबा माखौल उड़ाते हैं। राहुल बाबा को इतना भी नहीं पता है कि किस मौसम में धान की फसल होती और किस मौसम में गेहूं की।

कांग्रेस पर किया वार

शाह ने कहा कि 70 साल से कांग्रेस ने किसानों के लिए क्या किया? कांग्रेस ने किसानों को साहूकारों के पास जाने को मजबूर किया। 2014 में देश की जनता ने निर्णय लिया तो मोदी के नेतृत्व वाली सरकार आई। 30 साल बाद पूर्ण बहुमत वाली नरेंद्र मोदी की सरकार ने यह संकल्प लिया कि किसान को किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्हें साहूकार के पास भेजकर भिक्षुक नहीं बनने दिया जाएगा। शास्त्री जी ने नारा दिया था जय जवान जय किसान का। आज मोदी सरकार शास्त्री जी के नारे को पूरा कर रही है। मुक्त व्यापार, मुक्त खेती को लेकर जाएंगे। देश को समृद्धि बनाएंगे। कहा कि नरेंद्र मोदी ने आपादा के वक्त सहायता राशि में बढ़ोत्तरी की। 50 प्रतिशत के नुकसान पर भी सहायता की। किसानों को पहले 13 प्रतिशत सहायता राशि दी जाती थी आज मोदी सरकार 87 प्रतिशत दे रही है।

अब नहीं होती यूरिया में कालाबाजारी

उन्होंने कहा कि खाद कारखाना से निकलने वाली यूरिया में पहले कालाबाजारी होती थी। उसे मोदी सरकार ने बंद कर दिया। किसानों को सब्सिडी से उनकी फसल में मदद पहुंचाने का काम किया है। कांग्रेस राज में यूरिया में जबरदस्त कालाबाजारी होती थी, लेकिन अब वह बंद है।

पीएम सुनेंगे किसानों की समस्या

शाह ने कहा कि गेहूं और धान किसान से खरीदने का काम बीजेपी ने किया है। राहुल बाबा 2019 में मोदी ही पीएम बनने वाले हैं। देश का किसान नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बना दें। अगर किसान की कोई समस्या है तो उसकी समस्या सीधे प्रधानमंत्री सुनेंगे। इसके लिए आप उनके घर-घर तक इस संदेश को पहुंचाने का कार्य करें।

750 करोड़ रुपए की है कामधेनु

मोदी सरकार ने तीन करोड़ नहीं, 13 करोड़ किसानों के लिए 75 हजार करोड़ रुपए दिया। 10 साल में साढ़े सात करोड़ रुपए पीएम ने दिया। प्रधानमंत्री इस किसान अधिवेशन के माध्यम से किसानों को 6000 रुपए तीन किस्तों में देंगे। पशु पालन, मत्सय पालन के किसानों के लिए भी क्रेडिट कार्ड दिया है। गौ सरंक्षण के लिए मोदी जी ने कामधेनु योजना के तहत 750 करोड़ रुपए दिया है।

890 करोड खर्च किया

कृषि अनुसंधान के लिए 440 करोड़ कांग्रेस ने खर्च किया था। लेकिन बीजेपी ने 890 करोड़ कृषि अनुसंधान पर खर्च किया है। तीन महीने का वक्त है। इसलिए घर-घर जाकर योजनाओं के बारे में जानकारी दें।

रविवार को देश छुट्टी पर रहेगा

सपा-बसपा गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि इनका नेता कौन है। प्रधानमंत्री कौन है। ये सब तमाम बातें किसान माताओं को बताइए और कहिए क्या सोमवार को मायावती, मंगलवार को अखिलेश यादव, बुधवार को चंद्रबाबू नायडू, शुक्रवार राहुल गांधी, शनिवार को देवगौड़ा प्रधानमंत्री रहेंगे। इस तरह हफ्ते भर में देश चलेगा और रविवार को देश छुट्टी पर रहेगा।