ranchi@inext.co.in
RANCHI: 10 लाख के ईनामी पीएलएफआई के बड़े नक्सली करगिल यादव ने रांची में सरेंडर कर दिया है। उसने रांची डीआइजी अमोल वेणुकांत होमकर के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। वहीं, नक्सली संगठन टीपीसी के कुख्यात सब जोनल कमांडर अशोक गंझू उर्फ बिशु को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अशोक की गिरफ्तारी खलारी इलाके से की गई है। इसकी पुष्टि रांची एसएसपी अनीश गुप्ता ने की है।

बालूमाथ से लौट रहा था अशोक
अशोक गंझू लातेहार के बालूमाथ से मीटिंग कर लौट रहा था। मीटिंग में वैसे नक्सली कैडर शामिल थे, जिन्हें हाल ही में टीपीसी संगठन में शामिल करवाया गया है। खलारी थाना प्रभारी राजीव रंजन लाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह पुलिस को अशोक के खलारी आने की सटीक सूचना मिली, जिसके बाद उसे घेर कर गिरफ्तार कर लिया गया। अशोक के ऊपर अपहरण, हत्या, लूट और वाहन जलाने के दर्जनों मामले दर्ज हैं।

सबजोनल कमांडर है अशोक गंझू
हजारीबाग के केरेडारी में 20 मई 2017 को नक्सली संगठनों की आपसी लड़ाई में टीपीसी के दो बड़े नक्सली सागर जी और मनीष जी मारे गए थे। दोनों के अलावा 5 और नक्सलियों को भी माओवादियों ने मार गिराया था। सागर जी और मनीष जी के मर जाने के बाद अशोक को खलारी-बुढ़मू इलाके का सब जोनल कमांडर बनाया गया था।