- शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी बनाएंगे फिल्म

- फिल्म का विवादित पोस्टर जारी, मस्जिद पर लहराया भगवा

- 25 नवंबर को अयोध्या में होना है लाखों लोगों का जमावड़ा

LUCKNOW:

अयोध्या में आगामी 25 नवंबर को राम मंदिर निर्माण का समर्थन जुटाने को लाखों लोगों के आने की सूचनाओं से पुलिस महकमा उबर भी नहीं पाया था कि शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने अयोध्या विवाद पर फिल्म बनाने का ऐलान इसमें उबाल लाने की कवायद शुरू कर दी है। वसीम रिजवी ने अपनी फिल्म 'राम जन्मभूमि' का रविवार को एक विवादित पोस्टर भी लांच कर दिया। इसमें विवादित स्थल पर भगवा तिरंगा लहराते हुए दिखाया गया है।

दिसंबर में रिलीज करेंगे मूवी

वसीम रिजवी का दावा है कि वह अयोध्या विवाद पर बनने वाले अपनी मूवी को दिसंबर में पूरा करके रिलीज कर देंगे। सोमवार को इस बाबत वह पत्रकारों से बातचीत भी करेंगे। ध्यान रहे कि सूबे में योगी सरकार बनने के बाद वसीम रिजवी अचानक राम मंदिर निर्माण की पैरवी करने लगे थे। कई साधु-संतों के साथ उन्होंने बैठकों के जरिए आम समर्थन जुटाने की कवायद भी की। साथ ही अयोध्या जाकर भी दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिशें की। उनका यह हालिया कदम राम मंदिर निर्माण का विरोध कर रहे मुस्लिम पक्ष को नागवार गुजर सकता है और इसे लेकर जल्द ही कोई नया विवाद सामने आए तो हैरत की बात नहीं होगी। इस फिल्म की स्क्रिप्ट भी वसीम रिजवी ने लिखा है और वे ही इसके प्रोड्यूसर भी हैं। जबकि फिल्म का डायरेक्शन सरोज मिश्रा द्वारा किया जाना है।

25 को होना है जमावड़ा

वहीं दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद समेत तमाम संगठनों द्वारा आगामी 25 नवंबर को अयोध्या में लाखों लोगों का जमावड़ा होना है जहां वे राम मंदिर निर्माण की हुंकार भरेंगे। इसे लेकर पुलिस महकमे ने सतर्कता बढ़ा दी है और इंटेलिजेंस पल-पल की खबर जुटा रही है। फिलहाल अयोध्या में लोगों के जमावड़े को रोकने के लिए कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गये है। माना जा रहा है कि इस बाबत पुलिस विभाग को राज्य सरकार के इशारे का इंतजार है।