ALLAHABAD: नए यमुना पुल के पिलर पर चढ़ कर शुक्रवार की दोपहर एक युवक ने जमकर तमाशा किया। पिलर से कूदने की बात करते हुए वह चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर पुल पर यात्रियों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए। बगैर देर किए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक को पिलर से उतारने की सभी कोशिश करने लगे। काफी मशक्कत के बाद लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया। परिजनों को बुलाकर पुलिस ने युवक को उनके हवाले कर दिया। युवक के परिजनों का कहना है कि उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है।

लोगों ने दी पुलिस को सूचना

धूमनगंज एरिया निवासी नेता प्रजापति (35) पुत्र भोला प्रजापति शुक्रवार की दोपहर घूमते हुए नए यमुना पुल पर पहुंच गया। पुल पर करीब घंटे भर सड़क पर जमकर तमाशा किया। बीच सड़क वह कभी नाचता तो कभी बैठ जाता। देखते ही देखते वह पुल के पिलर पर बनी सीढी के ग्राउंड में कूद गया। लोगों को लगा कि युवक यमुना नदी में छलांग लगा देगा दिया। मगर वह पिलर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया। युवक को पिलर पर चढ़ा देख भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही एसडीएम करछना कुलदेव सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुल पर मौजूद सुमित व शिवम मिश्रा निवासी कीडगंज ने दिलेरी दिखाते हुए एसडीएम के सामने पिलर पर चढ़ गए। दोनों युवक किसी तरह उसे पकड़ कर नीचे उतारे। यह ड्रामा करीब तीन घंटे तक चला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने अफसरों बताया कि उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। इसके बाद उसे साथ लेकर परिजन घर चले गए।