कानपुर। आज पूरे देश में नए साल का गर्मजोशी से स्वागत हो रहा है। हर कोई इसे धूमधाम तरीके से मनाकर यादगार बनाना चाहता है। लोगों के पिकनिक से लेकर देर रात तक पार्टी के प्लान है। हालांकि इस सबके बीच माैसम का हाल जानना बहुत जरूरी है क्योंकि इन दिनों देश के अलग-अलग हिस्साें में माैसम उतार-चढ़ाव वाला है। कहीं बारिश बर्फबारी तो कहीं ठंड से जनजीवन बेहाल है।

उत्तरी भागों में बारिश होने के आसार

भारतीय माैसम विभाग के मुताबिक 1 और 2 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से पश्चिमी हिमालय व उसके अासपास का इलाका प्रभावित रहेगा। पहाड़ों पर बड़े स्तर पर बर्फबारी और भारी बारिश की आशंका है। इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा के उत्तरी भागों में भी बारिश होने के आसार हैं। दिन में इन इलाकों में बादल छाए रहने और उमस बढ़ने से रात के न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

मैदानी इलाकों में हिसार सबसे ठंडा रहा

वहीं एक दिन पहले का तापमान देखें तो देश के मैदानी इलाकों में हिसार (हरियाणा) सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों अगले 24 घंटों के दौरान शीत लहर का प्रभाव थोड़ा कम होगा। हालांकि घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं आज भी पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी सुबह कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

यहां रहेगा गंभीर शीत लहर का प्रभाव

वहीं गंभीर शीत लहर से मध्य भारत व पूर्वी भारत और आस-पास के प्रायद्वीपीय भाग अभी भी अगले दो से तीन दिनों तक प्रभावित रहेंगे। ओडिशा, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाके गंभीर शीत लहर की चपेट में रहेंगे। इसके अलावा बिहार, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, पूर्व मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी शीत लहर का प्रभाव रहेगा।

National News inextlive from India News Desk