- भाजपा संगठन के साथ मंत्रियों की बैठक हुई आयोजित

- लोकसभा चुनाव, अभियानों की तैयारी पर हुई अहम चर्चा

LUCKNOW :

तमाम कयासों के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने फिलहाल सूबे में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना को नकार दिया है। सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्र नाथ पांडे की अध्यक्षता में प्रदेश सरकार के समस्त मंत्रियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के अभियानों को सफल बनाने पर गहन विचार-विमर्श हुआ। तत्पश्चात मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर सभी मंत्री और पार्टी पदाधिकारी उनके सरकारी आवास पर रात्रि भोज में शामिल हुए।

मंत्रियों को सौंपी गयी जिम्मेदारी

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में मंत्रियों को लोकसभा चुनाव और पार्टी के अभियानों को लेकर अहम जिम्मेदारियां सौंपी। खासकर कमल संदेश बाइक रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने को कहा गया। इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा 31 अक्टूबर को सरदार पटेल के जन्मदिवस को पूरे जोश के साथ राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने के बाबत अहम दिशा-निर्देश दिए गये। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डॉ। दिनेश शर्मा व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की उपस्थिति में तय हुआ कि आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में सभी प्रदेश पदाधिकारी व प्रदेश के मंत्रियों के प्रवास कार्यक्रमों के साथ-साथ उनकी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित हो। प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री व प्रदेश पदाधिकारी आगामी कार्यक्रमों में उपस्थित रहेगें। आगामी दो से चार नवंबर तक लोकसभा चुनाव संचालन समितियों की बैठकें होगी।

बूथ अभिनंदन कार्यक्रम होगा

बैठक में तय हुआ 10 से 15 नवंबर तक प्रत्येक बूथ पर होने वाले अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी व मंत्री सम्मिलित होंगे.वहीं महात्मा गांधी की जयंती के 150वें वर्ष पर पार्टी द्वारा एक दिसंबर से 15 दिसंबर तक सभी विधानसभाओं में पद यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रत्येक विधानसभा में कम से कम 25-25 कार्यकर्ताओं की छह अलग-अलग टोलियां बनाकर 150 किमी पद यात्रा होगी। बैठक में आगामी 26 जनवरी से आयोजित होने वाली कमल विकास ज्योति महाभियान की भी चर्चा हुई। इसके तहत बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता बूथ समिति के सदस्यों के साथ मोदी-योगी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर पर जाकर कमल का दीपक जलाकर लाभार्थी परिवार के साथ उत्सव मनाएंगे। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी भी देंगे।