एक बार की बात है किसी शहर में एक लड़का रहता था जो बहुत गरीब था। मेहनत मजदूरी करके बड़ी मुश्किल से दो वक्त का खाना जुटा पाता। एक दिन वह किसी बड़ी कंपनी में चपरासी के लिए इंटरव्यू देने गया। बॉस ने उसे देखकर उसे काम दिलाने का भरोसा जताया। इंटरव्यू के बाद बॉस ने उससे पूछा- 'तुम्हारी ईमेल आईडी क्या है?’ लड़के ने बड़ी मासूमियत से कहा कि उसके पास ईमेल आईडी नहीं है। यह सुनकर बॉस ने उसे बड़ी घृणा दृष्टि से देखा और कहा कि आज दुनिया इतनी आगे निकल गई है और एक तुम हो कि ईमेल आईडी तक नहीं है। तुम मेरी कंपनी के लिए ठीक नहीं हो। मैं तुम्हें नौकरी पर नहीं रख सकता।

यह सुनकर लड़के के आत्म सम्मान को बहुत ठेस पहुंची। वहां से वापस लौटते समय उसने ठान लिया कि वह खुद का काम करेगा। उस समय उसकी जेब में 50 रुपए थे। उन पैसों से उसने थोड़े सेब खरीदे और घर-घर जाकर बेचना शुरू कर दिया। ऐसा करके उसने 80 रुपए जमा कर लिए। अब तो लड़का रोज सेब खरीदता और घर-घर जाकर बेचता। कुछ महीने की मेहनत के बाद उसने फल विक्रेताओं और सीधे किसानों के साथ व्यापार करना शुरू कर दिया।

यही सिलसिला चलता रहा लड़के की कठिन मेहनत रंग लाई और एक दिन उसने खुद की कंपनी खोली, जहां विदेशों में सेब सप्लाई किए जाते थे। इसके बाद तो लड़के ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और जल्दी ही बहुत बड़े पैमाने पर अपना बिजनेस फैला दिया। इस तरह एक गरीब मजदूर लड़का अरबपति बन गया।

एक दिन कुछ प्रेस वाले लड़के का इंटरव्यू लेने आए और बातों-बातों में किसी ने उससे पूछ लिया कि सर आपकी ईमेल आईडी क्या है? लड़के ने हंसते हुए कहा- 'मेरी कोई ईमेल आईडी नहीं है।‘ यह सुनकर सारे लोग चौंके कि एक अरबपति आदमी ने ईमेल आईडी नहीं बनाई। लड़के ने हंसकर जवाब दिया- 'मेरे पास ईमेल आईडी नहीं है इसीलिए मैं अरबपति हूं। अगर होती तो आज मैं एक चपरासी होता।‘

हर इंसान के अंदर कुछ न कुछ खूबी होती है। किसी की प्रतिभा जाने बिना सिर्फ उसे देखकर आलोचनात्मक रवैया अपना लेना समझदारी की बात नहीं है।

सफलता का मंत्र: सिर्फ इच्छा से नहीं मिलेगी मंजिल, यह गुण भी चाहिए

क्या आप खास नहीं हैं? तो पढ़िए यह प्रेरणादायक कहानी, नजरिया बदल जाएगा

Spiritual News inextlive from Spiritual News Desk