36

थानों में महिला पुलिसकर्मियों के लिए नहीं है शौचालय की सुविधा

03

थाने बहरिया, सरायममरेज व महिला थाने में ही है महिला शौचालय

39

थाने हैं कुल जिले में, हर जगह तैनात हैं महिला पुलिसकर्मी

महिला शौचालय न होने से महिला पुलिसकर्मी व फरियादी होती हैं परेशान

समस्या पर पूर्व एसएसपी आकाश कुलहरि ने डीएम को लिखा था पत्र

ALLAHABAD: इसे विडंबना कहें या महिलाओं के प्रति सरकार की उपेक्षा। जिले के 36 थाने ऐसे हैं जहां पर आज तक महिलाओं के लिए शौचालय नहीं बन सके हैं। यह जान कर आप को हैरानी भले हो रही हो, पर बात सोलह आने सच है। थानों में यह स्थिति तब है, जब सरकार स्वच्छता अभियान के तहत घर-घर शौचालय का निर्माण कराने में जुटी है। थानों में महिला शौचालय न होने से 10 घंटे से भी ज्यादा ड्यूटी करने वाली महिला पुलिसकर्मी तो परेशान हैं ही फरियाद लेकर आने वाली महिलाएं भी परेशान हो रही हैं। हालांकि थानों में महिलाओं की इस समस्या को देखते हुए एसएसपी आकाश कुलहरि ने डीएम को पत्र लिखा था। लेकिन उनके तबादले के बाद पत्र का क्या हुआ, किसी को नहीं पता।

कार्यालयों में भी है यही हाल

एक महिला थाने को लेकर जिले में कुल 39 थाने हैं। 12 क्षेत्राधिकारी एवं सिटी में चार एडिशनल एसपी तैनात हैं। इन अफसरों के कार्यालय में कई जगह महिला पुलिस भी तैनात हैं। दबी जुबान विभागीय लोग बताते हैं कि इनमें से अधिकांश दफ्तरों में महिला शौचालय की सुविधा अलग से नहीं है। थानों व अफसरों के कार्यालयों में महिला शौचालय न होने से महिला पुलिसकर्मियों को मजबूरी में पुरुषों के शौचायल का इस्तेमाल करना पड़ता है। यही नहीं, यहां फरियाद लेकर आने वाली महिलाओं को भी महिला शौचालय न होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि पिछले दिनों डीजीपी के आदेश पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय महिला सशक्तीकरण प्रोग्राम हुआ था। पुलिस लाइंस सभागार में मौजूद अफसरों के सामने महिला पुलिसकर्मियों ने बताया था कि थानों और दफ्तरों में महिला शौचालय नहीं हैं। इससे महिला पुलिसकर्मियों व फरियादियों को परेशानी होती है।

इस तरह बन सकते हैं शौचालय

हालांकि नगर निगम की ओर गऊघाट और बलुआघाट में महिलाओं के लिए खास पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया गया है। महिला पुलिसकर्मियों का कहना है कि स्वच्छ मिशन के तहत बजट का बंदोबस्त कर थाने और अफसरों के दफ्तरों में भी शौचालय का निर्माण कराया जा सकता है। इससे न सिर्फ महिला पुलिसकर्मी बल्कि फरियाद करने के लिए आने वाली महिलाओं को भी सहूलियत मिलेगी।

यहां पर बने हैं महिला शौचालय

- पुलिस ऑफिस में है महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था

- महिला सहायता प्रकोष्ठ में भी है महिलाओं के लिए शौचालय

- पुलिस लाइंस में कई वर्ष पहले से है महिला शौचालय

- मॉडर्न कंट्रोल रूम, क्राइम ब्रांच में भी बनवाया गया है महिला शौचालय

- एडीजी जोन व आइजी रेंज दफ्तर में भी है महिला शौचालय की सुविधा

जिले में महिला पुलिस

पद नाम संख्या

इंस्पेक्टर 05

दारोगा 08

मुख्य आरक्षी 06

सिपाही 451

कुल 470