-पहले चौराहों पर ऑनलाइन चालान के तहत वसूले जाते थे 500 रुपए, 100 रुपए मेंटिनेंस के नाम पर वसूलेगा नगर निगम

kanpur@inext.co.in

KANPUR : शहर में 32 करोड़ की लागत से लगाए गए 68 चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल का बुरा हाल है। केडीए ने इसे नगर निगम को हैंडओवर कर दिया था। अब इसके मेंटिनेंस में आने वाले खर्च को लेकर नगर निगम प्रति चालान 100 रुपए एक्स्ट्रा वसूल करेगा। आईटीएमएस के तहत बड़ा चौराहा और विजय नगर चौराहा पर ही ऑनलाइन चालान काटा जाता है। इसमें रेडलाइट जंप करने पर 500 और स्टॉप लाइन जंप करने पर 200 रुपए का चालान काटा जाता है। लेकिन अब दोनों ही चालानों में नगर निगम 100 रुपए एक्स्ट्रा वसूलेगा।

नगर निगम कर्मी हाेंगे तैनात

नगर निगम कर्मचारियों को ट्रैफिक लाइन स्थित आईटीएमएस कंट्रोल रूम में भी तैनात किया जाएगा। जिससे ऑनलाइन चालान में वसूली को तय किया जा सके। यही नहीं कर्मचारी चौराहों पर ट्रैफिक लाइट ठीक से कार्य कर रही हैं कि नहीं इसकी भी निगरानी करेंगे। बता दें कि ट्यूजडे को नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने आईटीएमएस कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया था, जिसमें 68 चौराहों में से 38 चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें खराब मिली थी। इसके साथ विजय नगर चौराहे पर ऑनलाइन चालान की व्यवस्था भी खराब थी। इसको नगर आयुक्त ने तत्काल सही करने के निर्देश दिए थे।