- अटल दीर्घा और अटल गांव बना आकर्षण का केंद्र

- देशभक्ति की भावना जागृत करते सेल्फी पॉइंट पर लोगों ने खूब ली सेल्फी

LUCKNOW :अटल मय लखनऊ महोत्सव में पहले दिन नि:शुल्क प्रवेश के चलते काफी संख्या में लोग महोत्सव का आनंद लेने पहुंचे। शाम से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। रात होते होते दर्शकों की संख्या में काफी इजाफा हो गया। जहां भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों ने लोगों को भाव विभोर कर दिया वही सेल्फी पॉइंट पर लोगो ने खूब सेल्फी ली। हालांकि उद्घाटन कार्यक्रम के बाद कल्चर के मुख्य पंडाल में भीड़ उम्मीद से ज्यादा नहीं देखने को मिली। महोत्सव में कई पंडालों और स्टॉल के शुरुआत न होने के चलते भी लोगों को निराशा हाथ लगी।

अटल के व्यक्तित्व से रूबरू हुए दर्शक

लखनऊ महोत्सव के मुख्य पंडाल के पास बने अटल दीर्घा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की विभिन्न मुद्राओं की प्रदर्शनी लगाई गई। वही उनके सांसद व प्रधानमंत्री रहते हुए किये गए जनहित कार्यो को लिखित रूप से लगाया गया। अटल के कवि प्रेम के रूप को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। वहीं इसके पास बने अटल गांव में परंपरा संस्कृति और विज्ञान का संगम देख दर्शक अभिभूत हो गए। ग्रामीण परिवेश में बना अटल गांव दर्शकों के लिए उत्सुकता का विषय रहा।

कारगिल विजय सेल्फी पॉइंट

लखनऊ महोत्सव में इस बार तीन सेल्फी पॉइंट बनाये गए हैण् जिसमे पहला स्वर्णिम चतुर्भुज और कारगिल की चोटी पर तिरंगा लहराते जवान, फन जोन के पास बने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेने की होड़ मची रही। देशभक्ति से भरे जज्बे के साथ महोत्सव में लोगों ने खूब आनंद लिया। वहीं कुम्भ प्रदर्शनी में दर्शक हमारी संस्कृति और परंपरा से रूबरू हुए।

क्राफ्ट जोन में रही भीड़

महोत्सव में लगे क्राफ्ट में जोन में भीड़ देख दुकानदारों के चेहरे खिल गए। पहले ही दिन क्राफ्ट जोन में खरीदारी का सिलसिला शुरू गया। खुर्जा की आकर्षक पॉटरी खरीदारों की पहली पसंद रही। इसके अलावा फ़ूड जोन में भी पहले दिन चहल पहल नजर आई। वहीं फन जोन में सुरक्षा कारणों से झूले का संचालन देर शाम तक न होने के कारण दर्शक मायूस हुए।

बॉक्स बॉक्स

आधी अधूरी तैयारियों ने रंग किया फीका

अटल संस्कृति अटल विरासत को अपने अंदर समेटे लखनऊ महोत्सव का रविवार को कांशीराम सांस्कृतिक उपवन में आगाज हो गया। हर बार की तरह इस बार भी पहले दिन अव्यवस्था हावी रही। जहां आधे से ज्यादा स्टॉल लग नहीं पाए। वहीं मैटिंग और साफ सफाई का काम चलता रहा।

गड्ढों के ऊपर ही बिछा दी मैट

महोत्सव में इस बार पूरा फ़ूड जोन मैटिंग से कवर किया गया है, लेकिन लापरवाही का आलम ये है कि बिना मिट्टी को बराबर किये हुए ऊंची नीची जगह पर मैटिंग कर खाना पूर्ति कर दी गई है। यही नहीं मैदान में बने गड्ढे तक को बिना बंद करे उनपर मैटिंग कर दी गई है। जिससे लोगो को चलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नही लग सके स्टॉल

लखनऊ महोत्सव के पहले दिन आधे से ज्यादा स्टॉल नही लग सके। पर्यटन के स्टॉल पर दुकानदारों का जमावड़ा लगा रहा। आखिरी तक उनको बताई गई जगह पर स्टॉल लगाने के लिए काफी दौड़ भाग करनी पड़ी। कई सरकारी स्टॉल भी नहीं लग सके।