-मारवाड़ी कॉलेज के चपरासी ने आठ हजार रुपए में बेच दी थीं 2017 की इंटर की कॉपियां

क्कन्ञ्जहृन्: कोतवाली थाने की पुलिस ने फर्जी तरीके से 2017 की इंटर परीक्षा की कॉपियां खरीदने वाले कबाड़ दुकानदार राजकिशोर गुप्ता को खेमनीचक से गिरफ्तार कर लिया है। उसने कॉपियां दरभंगा के मारवाड़ी कॉलेज के चपरासी रामपुकार से आठ हजार रुपए में खरीदी थीं, जबकि उसके पास 2016 तक की कॉपियां खरीदने का ही टेंडर था। उसके खेमनीचक और अगमकुआं स्थित गोदाम से 20 बैग कॉपियां बरामद हुई। इसमें मुख्य परीक्षा और कंपार्टमेंटल परीक्षा की आंसरशीट के अलावा प्रैक्टिकल की भी कॉपियां हैं। उसने काफी संख्या में कॉपियों को गलाकर लुगदी बना दी। रामपुकार की गिरफ्तारी के लिए टीम दरभंगा गई है। यह जानकारी शनिवार को एसएसपी मनु महाराज ने दी।

बोर्ड कर्मी ने दी थी सूचना

उल्लेखनीय है कि टीईटी का फर्जी प्रमाणपत्र देने के आरोप में गिरफ्तार बिहार बोर्ड के कर्मचारियों के बारे में अध्यक्ष आनंद किशोर और एसएसपी मनु महाराज शुक्रवार को मीडिया को जानकारी दे रहे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने रद्दी खरीदने में हुई धांधली के बारे में अधिकारियों को बताया। उसकी सूचना पर बोर्ड के एक अधिकारी ने तत्काल कोतवाली थाने में शुक्रवार को ही प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस आरोप का सत्यापन करने के लिए खेमनीचक स्थित गुप्ता मेसर्स के गोदाम पर पहुंची तो वहां से 12 बैग बरामद हुए। इसके बाद अगमकुआं स्थित गोदाम से आठ बैग बरामद किए गए। एक बैग में एक हजार कॉपियां हैं।

कबाड़ में मिले सरकारी रजिस्टर

इंटर परीक्षा की कॉपियों के अलावा मारवाड़ी कॉलेज के कई सरकारी रजिस्टर भी कबाड़ में मिले। कॉपियां विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों की हैं। बोर्ड के अधिकारी जब्त कॉपियों का मिलान कर रहे हैं। बारीकी से छानबीन के बाद कई और अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। पता लगाया जा रहा है कि मारवाड़ी कॉलेज के स्टोर रूम की चाबी किसके पास रहती थी और किसकी इजाजत से चपरासी ने कॉपियां बेच दीं। पुलिस जांच कर रही है।