कुंभ मेला स्नान पर्व से एक दिन पहले व एक दिन बाद मैरेज हॉल बुक न करने का आदेश

balaji.kesharwani@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शादी विवाह पर कुंभ ग्रहण लगने के आसार बन गये हैं। प्रशासन की ओर से कह दिया गया है कि स्नान पर्व के एक दिन पहले और एक दिन बाद मेला क्षेत्र से जुड़े व प्रभावित इलाकों में स्थित गेस्ट हाउस, विवाह घर और बैंक्वेट हॉल में शादी-विवाह का आयोजन नहीं होगा। एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा यह निर्णय करीब दो महीने पहले लिया गया था, लेकिन नोटिस 14 नवंबर को जारी किया गया है। 14 नवंबर के पहले तक कोई जानकारी न होने की वजह से बारात घर मालिकों ने 15 जनवरी से लेकर तीन मार्च तक के बीच शाही स्नान पर्व के एक दिन पहले व बाद की तिथि पर भी विवाह के लिए बुकिंग की है। अब समस्या ये है कि वे बुकिंग कैंसिल कैसे करें।

खड़ी हो गई बड़ी समस्या

अब जिन परिवारों में शाही स्नान पर्व के एक दिन पहले और एक दिन बाद की तिथि तक विवाह उत्सव का आयोजन है और उन्होंने बारात घरों की बुकिंग कर रखी है, ऐसे परिवारों की इज्जत दांव पर है। डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन की लापरवाही ने उनके सामने समस्या खड़ी कर दी है।

मचा हड़कंप, लगा रहे चक्कर

15 जनवरी से तीन मार्च के बीच पड़ने वाले छह शाही स्नान पर्व के बीच की तिथि में सिविल लाइंस, मुट्ठीगंज, अल्लापुर, करेली, कल्याणी देवी, सोहबतियाबाग, मम्फोर्डगंज, प्रीतमनगर, कटरा, मेहंदौरी, गोविंदपुर सहित शहर के करीब 200 से अधिक विवाह घरों में शुभ लग्न की तिथियों में बुकिंग हो चुकी है। एडमिनिस्ट्रेशन की नोटिस मिलने के बाद विवाह घर संचालकों के साथ ही विवाह उत्सव के आयोजकों में भी हड़कंप है।

नहीं दी गई स्पष्ट जानकारी

गेस्ट हाउस के साथ ही विवाह घर संचालकों का कहना है कि एडमिनिस्ट्रेशन के इस निर्णय की जानकारी अखबारों के माध्यम से मिली थी। कहा गया था कि मेला क्षेत्र के दायरे में आ रहे बारात घरों पर ही ये आदेश लागू होगा। दायरा कहां तक होगा, कौन-कौन से गेस्ट हाउस और बारात घर इसके दायरे में आएंगे ये स्पष्ट नहीं था। इसलिए विवाह आयोजनों की बुकिंग की गई।

शाही स्नान पर्व के दौरान जब करोड़ों की भीड़ मौजूद रहेगी, उस दौरान विवाह उत्सव से दिक्कत होगी। ये सबको पहले से पता था। इसके बाद भी लोगों ने विवाह उत्सव बुक किया। आदेश में कोई बदलाव नहीं हो सकता है। लोग विवाह घर बदल सकते हैं, या फिर विवाह की तिथि एक-दो दिन आगे बढ़ा सकते हैं।

अशोक कुमार कनौजिया

एडीएम सिटी, प्रयागराज

ये हैं प्रमुख स्नान पर्व

15.01.2019 मकर संक्रांति

21.01.2019 पौष पूर्णिमा

04.02.2019 मौनी अमावस्या

10.02.2019 बसंत पंचमी

19.02.2019 माघी पूर्णिमा

04.03.2019 महाशिवरात्रि

शाही स्नान के एक दिन पूर्व और एक दिन बाद विवाह घरों को बुक न करने की नोटिस एडीएम सिटी द्वारा 14 नवंबर को जारी की गई है। ज्यादातर विवाह घरों की बुकिंग दो महीने पहले ही हो चुकी है। अब प्रशासन ही बताए कि गेस्ट हाउस संचालक क्या करें।

गुफरान अहमद

वाइस प्रेसीडेंट, प्रयागराज गेस्ट हाउस एसोसिएशन

प्रशासन द्वारा नोटिस मिलने के बाद अब किसी भी गेस्ट हाउस संचालक द्वारा शाही स्नान पर्व के दौरान विवाह उत्सव की बुकिंग नहीं ली जाएगी। जो बुकिंग हो चुकी है, उसकी व्यवस्था करना एडमिनिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी है।

खलिक अहमद

सचिव, प्रयागराज गेस्ट हाउस एसोसिएशन