वाशिंगटन (पीटीआई)। अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने हाल ही में एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें बताया है कि अमेरिका में पिछले साल वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी करीब 21,000 भारतीय देश में रह रहे हैं। बता दें कि भारत उन टॉप टेन देशों में शामिल है, जहां के सबसे ज्यादा नागरिक वैध तरीके से अमेरिका आते हैं और वीजा समाप्त होने के बाद भी गैरकानूनी रूप से देश में रुके रहते हैं। डीएचएस की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2016 से सितंबर 2017 के बीच हवाई या समुद्र के रास्ते 701,900 विदेशी अमेरिका आए थे लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी वे अपने देश नहीं लौटे।

अमेरिका से लौटने का कोई रिकॉर्ड नहीं

रिपोर्ट का कहना है कि 2017 में बी-1 और बी-2 वीजा पर 10.7 लाख से ज्यादा भारतीय अमेरिका आए थे। ये वीजा उन लोगों को दिया जाता है जो कारोबार या पर्यटन के मकसद से अमेरिका आते हैं। इसमें से 14,204 लोगों का वीजा खत्म हो गया लेकिन बावजूद इसके वे अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से रुके रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 1700 लोग थोड़े दिन बाद भारत लौट गए लेकिन 12,498 भारतीयों का अभी तक अमेरिका से लौटने का कोई रिकार्ड नहीं मिला है। इससे साफ हो गया है कि वे अमेरिका में ही अवैध तरीके से रह रहे हैं।

भारतीय छात्र भी अवैध रूप से रुकने वालों में शामिल
इसके अलावा अगर 2016 की बात करें तो उस साल 10 लाख से अधिक भारतीयों ने बी -1 और बी -2 वीजा पर अमेरिका का दौरा किया था। इसमें से 17,763 लोग वीजा खत्म होने के बावजूद देश में रुके रहे लेकिन करीब 2,040 लोग वीजा समाप्त होने के कुछ दिन बाद अमेरिका से लौट गए, जबकि 15,723 लोगों के लौटने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। इसी तरह पिछले साल यानी कि 2017 में, 127,435 भारतीय छात्र और रिसर्च स्कॉलर एफ, जे और एम वीजा पर अमेरिका आए थे। इनमें से भी 4,400 छात्र वीजा समाप्त होने के बावजूद देश में रुके रहे। हालांकि बाद में 1,567 छात्र या रिसर्च स्कॉलर अमेरिका से चले गए लेकिन 2,833 लोग अब भी गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में रुके हैं। इसके साथ रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुछ अन्य वीजा श्रेणियों के 6,000 से अधिक भारतीय भी अमेरिका में वीजा खत्म होने के बाद अवैध तरीके से रुके हैं।

अमेरिका : सिख के साथ मारपीट के बाद अपने देश लौटने को कहा

ट्रंप ने माना, उनके बेटे ने सूचना के लिए रूसी वकील से की थी मुलाकात

International News inextlive from World News Desk