-शिकायतों के बाद भी नहीं की जा रही सुनवाई

-आस-पास गंदगी से स्थानीय नागरिक परेशान

आगरा। आवास विकास में बने पार्को पर अवैध कब्जों की शिकायत संबंधित विभाग से कई बार की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की निष्क्रियता से नाराज क्षेत्रीय लोगों में खासी नाराजगी है। सिकंदरा के आवास विकास में सेक्टर एक के पार्क में डोमेस्टिक एनीमल्स को पालने का कार्य किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दंबगों द्वारा सेक्टर एक, तीन, छह और दस के पार्को की जमीन को घेरकर पशुापालने का व्यापार किया जा रहा है, जिससे गंदगी के साथ आस-पास का माहौल भी दूषित हो रहा है।

पार्को पर हो रहे अवैध निर्माण

आवास विकास के सेक्टर तीन में स्थानीय दबंगों द्वारा अवैध निर्माण कराया गया है, जिसमें पशुओं को पालने का कार्य किया जा रहा है। आस-पास रहने वाले लोगों को इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। इसी तरह सेक्टर छह और सेक्टर दस में डोमेस्टिक एनीमल्स पालने का कार्य किया जा रहा है, जो क्षेत्र में दूध व्यापार को सप्लाई करने का काम करते हैं।

गंदगी से हो रहा वातावरण दूषित

पार्को में पशुपालन से आस-पास का वातावरण दूषित हो रहा है। गोबर जमा होने से फैलने वाली स्मैल से पार्को के पास रहने वाले लोगों का रहना दूभर हो गया है। बरसात के दिनों में लोग बीमारी का शिकार हो जाते हैं। संबंधित विभाग द्वारा मामला संज्ञान में आने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।