- ताजमहल के आसपास खूबसूरती बढ़ाने की पहल

- 10 पार्को पर 6 करोड़ खर्च करके करेंगे सौंदर्यीकरण

आगरा। शहर को स्मार्ट बनाने के साथ खूबसूरत बनाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। पहले चरण में शहर के 10 पार्को को अमृत योजना से ग्रीनरी के साथ खूबसूरत बनाया जा रहा है। ये खासतौर पर ताजमहल के आसपास हैं। पार्को में हरियाली के साथ-साथ बच्चों से लेकर बुजुर्गो का ध्यान रखकर तैयार किया जा रहा है। इसमें 6 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं।

नगर निगम ने शहर के बदहाल पार्को को सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने की पहल की है। ताजगंज और छत्ता जोन के 10 पार्को को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। इसमें घास, पेड़-पौधे से लेकर बच्चों के खेल के सामान मौजूद होंगे। वहीं सुबह-शाम घूमने के लिए पॉथ-वे और व्यायाम के लिए स्थान तैयार किया जाएगा। ताजगंज एरिया के कुछ पार्को में योगा के लिए जगह तैयार की जाएगी।

सुकून के दो पल बैठकर बिताने के लिए बेंच की भी व्यवस्था होगी। इन कामों पर रुपये की अड़चन नहीं आने दी जाएगी। अमृत योजना के तहत पार्को को बनाने और मेंटीनेंस करने के लिए 6 करोड़ 15 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है। 3 जुलाई तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। पार्को को छह महीने में तैयार करना होगा।

पार्को में ये होंगे काम

- पार्क का डिस्प्ले बोर्ड, आधुनिक बनावट की बाउंड्रीवॉल, पार्क के चारों ओर पॉथ-वे, बच्चे के खेलकूद के सामान, प्लांटेशन (घास और पौधे), फाउंटेन, सेमी मास्ट, सार्वजनिक सुविधाएं, कूड़ेदान (डस्टबिन), बेंच, गेट, समसर्बिल।

इनसे बढ़ेगी हरियाली

प्लांटेशन में घास, पेंडुला अशोक, बोगन बेलिया, ताड़ के पेड़, बॉटल प्लॉम, गुलमोहर, रात रानी, एरिका पाल।

इन पार्को में योगा प्लेटफार्म

- ताजगंज जोन के ताजनगरी फेज-1 में पानी की टंकी जनकबाई पार्क

- ताजगंज जोन के ताजनगरी फेज-1 स्थिति माधव पार्क

5 साल तक करना होगा मेंटीनेंस

अमूमन पार्को की मरम्मत और सौंदर्यीकरण किया जाता है, पर रख-रखाव पर ध्यान नहीं दिया जाता। मेंटीनेंस के अभाव में पार्को की हालत खराब हो जाती है। इसे देखते हुए ही पार्को के 5 साल मेंटीनेंस की भी शर्त रखी गई है। पार्को को विकसित करने वाली कंपनी को ही ये जिम्मेदारी भी उठानी होगी। 10 पार्को के मेंटीनेंस के लिए बकायदा 45 लाख 29 हजार रुपये के बजट का प्रावधान रखा गया है।

इन पार्को का होगा कायाकल्प

1. ताजगंज जोन के ताजनगरी फेज-1 में पानी की टंकी जनकबाई पार्क- लागत- 72.50 लाख

2. ताजगंज जोन के ताजनगरी फेज-1 स्थित माधवपार्क- लागत 70.33 लाख

3. ताजगंज जोन के ताजनगरी फेज-1 स्थित तिकोनिया पार्क- लागत- 68.31 लाख

4. ताजगंज जोन के ताजनगरी फेज-1 स्थित ईडब्ल्यूएस-144 पार्क- लागत 47.12 लाख

5. ताजगंज जोन के अमरलोक कॉलोनी स्थित स्वॉति बाल विद्या मंदिर के पास पार्क- लागत- 16.54 लाख

6. ताजगंज जोन स्थित भगत सिंह पार्क- लागत-59.30 लाख

7. ताजगंज जोन स्थित 22 ईशा निकेतन के पीछे बैंक कालोनी पार्क- लागत- 68.82 लाख

8. छत्ता जोन, ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज-1 स्थित हाउस ए-510 के पीछे पार्क- लागत- 44.01 लाख

9. छत्ता जोन स्थित मॉडल टाउन कॉलोनी पार्क- लागत- 54.76 लाख

10. छत्ता जोन, ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज-2, ब्लाक डी, हाउस नंबर 102 के पीछे पार्क- लागत- 68.33 लाख

नए साल में मिलेगी सौगात

पार्को की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया में कोई रुकावट नहीं आई तो 3 जुलाई 2018 को सभी औपचारिकताएं पूरी करके चयनित को काम सौंप दिया जाएगा। उसे 6 महीने यानी जनवरी 2018 में पार्क तैयार करके देना होगा। 10 पार्को पर लगभग 5.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं पांच साल के रख-रखाव के लिए 45.29 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

ये चौक-चौराहे होंगे चकाचक

महापौर नवीन जैन ने बताया कि चौराहों को मेट्रो सिटी की तर्ज पर सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नगर निगम की आय के लिए व्यवसायिक प्रयोजन के लिए एक प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में पांच चौराहों को शामिल किया गया है।

1. पुरानी मंडी चौराहा ताजगंज।

2. श्मशान घाट क्रासिंग

3. यमुना किनारा क्रासिंग

4. एमजी रोड से छीपीटोला वाली क्रासिंग

5. कोठी मीना बाजार क्रासिंग