डीएम और सीडीओ का चक्कर काटते रहे लोग

अधिकारियों ने दी एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी

धूप ने ली परीक्षा, बीमार होकर पहुंचे इलाज कराने

ALLAHABAD: फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां शनिवार को भारत स्काउट मैदान और केपी कॉलेज ग्राउंड से रवाना हुई। इस दौरान लोग ड्यूटी कटवाने के लिए डीएम और सीडीओ का चक्कर काटते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बिना किसी ठोस कारण अधिकारियों ने किसी की चुनावी ड्यूटी रद नहीं की। शाम होते-होते लगभग पांच विधानसभाओं की पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई।

इस बार नहीं बनाई कोई टेबल

पिछले विधानसभा चुनाव में अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान एक डेस्क बनाई थी, जहां ड्यूटी कैंसिल करवाने वालों की अप्लीकेशन ली जा रही थी। लेकिन, इस बार ऐसी कोई टेबिल नहीं लगाई गई। इससे मतदानकर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जो लोग वाकई बीमार थे या कोई समस्या थी, वे एप्लीकेशन लेकर अधिकारियों को ढूंढते रहे।

बीमार हो तो इलाज करवा लो

ममफोर्डगंज स्थित भारत स्काउट मैदान से फाफामऊ, फूलपुर और सोरांव तो केपी कॉलेज ग्राउंड से शहर उत्तरी व पश्चिमी की टीमें रवाना की गई। इस दौरान बहुत से लोगों ने डीएम से अपनी बीमारी का कारण बताकर ड्यूटी कैंसिल करवाने की गुहार लगाई तो नकार दिया गया। डीएम ने कहा कि मैदान में एंबुलेंस और डॉक्टर्स की टीम मौजूद है। वहां पर इलाज करा लो। कुछ लोगों ने पति-पत्‍‌नी दोनों की इलेक्शन ड्यूटी की शिकायत की तो इसे भी अधिकारियों ने काटने से मना कर दिया।

गर्मी ने ढाया सितम, एक हुआ भर्ती

टीमों की रवानगी के दौरान गर्मी चरम पर रही। तेज धूप और धूल भरी हवाओं के चलने से कई लोगों का स्वास्थ्य खराब हो गया। जानकारी के मुताबिक केपी ग्राउंड और भारत स्काउट मैदान में मिलाकर कुल 18 लोगों का इलाज किया गया। ये सभी गर्मी लगने से बीमार हो गए थे। इसके अलावा चक्कर आने पर एक मतदानकर्मी को इलाज के लिए बेली हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल मिलाकर तीन हजार लोगों को मेडिकल किट बांटी गई है।

कुल 2154 टीमें हुई रवाना

सुबह से शाम तक दोनों जगहों से कुल 2154 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। बता दें कि चुनाव में कुल 12 हजार मतदानकर्मियों को लगाया गया है। इनमें से दस फीसदी रिजर्व कैटेगरी में हैं। इस बार एक टीम में पांच कर्मचारियों को शामिल किया गया है। एक कर्मचारी को वीवीपैट के लिए अलग से लगाया गया है। इसके पहले चार लोग शामिल होते थे। मतदान कर्मियों में बीस फीसदी महिलाएं भी शामिल की गई हैं।

चुनाव ड्यूटी करना जरूरी है। एक दिन चुनाव की ड्यूटी करने में क्या तकलीफ है। जो लोग वाकई बीमार हैं या जेनुइन कारण हैं, उनका नाम काटा गया है। बाकी लोगों को सख्ती से मतदान ड्यूटी करने की हिदायत दी गई है। गायब रहने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सुहास एलवाई, डीएम, इलाहाबाद

शांतिपूर्ण मतदान को दौड़ते रहे अधिकारी

रविवार को होने वाले फूलपुर लोक सभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को डीएम सुहास एल वाई, कमिश्नर डॉ। आशीष गोयल व सीडीओ ने तमाम क्षेत्रों में भ्रमण का व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि चप्पे पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। जो लोग चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को भ्रमणशील रहने के आदेश भी दिए हैं।