PATNA: गया में रविवार को पितृपक्ष मेला शुरू हो गया। यह मेला 8 अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्घाटन बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गया ही एक ऐसी पवित्र भूमि है, जिसे लोग पूरे आदर और सम्मान के साथ गयाजी के नाम से संबोधित करते हैं। यह मोक्ष और ज्ञान की भूमि है।

देश-विदेश से आते हैं श्रद्धालु

अपने पितरों के मोक्ष के लिए हर साल देश-विदेश के श्रद्धालु गया में पिंडदान करते हैं। मेला की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गया, पावापुरी, बोधगया और राजगीर ऐसे स्थल हैं, जहां देश-विदेश से लाखों पर्यटक हर साल आते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम की बेहतर व्यवस्था की तारीफ की। साथ ही लोगों से शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि मोक्ष तो गया में ही मिलती है। यह दुनिया में कहीं नहीं है। विष्णुपद और उसके आसपास के क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है।