RANCHI: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के सोगोद गांव में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने अफीम की खेती को नष्ट किया है। गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी और नामकुम पुलिस सोगोद गांव पहुंची और लगभग 10 एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया गया। किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। गौरतलब हो कि नामकुम थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है। इससे पहले भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सैकड़ों एकड़ में लगी अफीम की खेती को नष्ट किया था। राजधानी रांची से मात्र 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नामकुम थाना क्षेत्र के जंगलों में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती हो रही है।

जंगली इलाकों में हो रही खेती

मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी रांची के ग्रामीण क्षेत्र दशम फॉल थाना क्षेत्र, तुपूदाना थाना क्षेत्र और नामकुम थाना क्षेत्र के जंगली इलाकों में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती हो रही है। जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, उनके मालिकों पर भी कार्रवाई की जा रही है। अफीम किसके द्वारा पहुंचाई जा रही है, यह भी पता लगाया जा रहा है।

पहले भी कई बार कार्रवाई

-8 फरवरी

तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगडीह गांव में 17 एकड़ में लगी अफीम की फसल को पुलिस ने नष्ट किया।

-14 फरवरी

धमाल थाना क्षेत्र के बेलबेड़ा और आरडांगा गांव में 12 एकड़ में लगी अफीम की खेती को पुलिस ने नष्ट किया।

-15 फरवरी

तमाड़ थाना क्षेत्र के आराहंगा और पियाकुली गांव में पुलिस ने 15 एकड़ में लगी अफीम की खेती को नष्ट किया।

-19 फरवरी

झारगांव और टीमपुर गांव में 35 एकड़ में लगी अफीम की खेती को नष्ट किया गया।