- खोराबार एरिया के चनकापुर में मिली थी डेडबॉडी

- डेडबॉडी छोड़कर भाग निकले शराब पीने वाले साथी

GORAKHPUR: चौरीचौरा एरिया के जगपुर निवासी रामकृपाल तिवारी की हत्या आठ सौ रुपए के विवाद में हुई थी। चनकापुर में अवैध शराब बेचने वाली महिला के घर शराब पीने के दौरान लेनदेन में हुई हाथापाई में रामकृपाल घायल हो गया। पसलियां टूटने और सिर में चोट से उसकी जान चली गई। हत्या के आरोप में पुलिस ने शराब बेचने वाली महिला के बेटे संगम, उसके रिश्तेदार अभिनव को अरेस्ट करके घटना का पर्दाफाश किया। एसपी सिटी विनय कुमार सिंह ने बताया कि एक अन्य अभियुक्त सोहारस पासवान की तलाश की जा रही है।

क्रबिस्तान में मिली था युवक का शव

पांच नवंबर की सुबह चनकापुर कब्रिस्तान में रामकृपाल तिवारी की डेड बॉडी मिली। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुट गई। छानबीन में सामने आया कि रामकृपाल को शराब की लत थी। चार नवंबर की शाम अपने मोहल्ले के राम चरन और राजू के साथ वह शराब पीने कच्ची के ठेके पर पहुंचा। उसके पास महज पांच सौ रुपए थे। अंडा का चिखना खाने और शराब पीने में चार सौ रुपया खत्म हो गया। राम कृपाल का आठ सौ रुपया शराब बेचने वाली महिला के पास बकाया था। उसने कहा कि चार सौ रुपए खर्च के काटकर बाकी रकम लौटा दो।

नशा चढ़ते ही शुरू कर दिया था विवाद

रुपए के लेनदेन को लेकर शुरू हुए विवाद में मारपीट होने लगी। आरोप है कि शराब बेचने वाली महिला के बेटे संगम, अभिनव और सोहारस पासवान ने उसको पीट दिया। झगड़े के दौरान रामकृपाल को गंभीर चोट लग गई। हालत बिगड़ने पर उसके साथ शराब पीने गए दोनों व्यक्ति फरार हो गए। उन लोगों ने रामकृपाल के परिजनों को कोई जानकारी नहीं दी। उधर जांच में सामने आया कि रामकृपाल भी नशे का आदी था। वह छोटी-छोटी बातों पर लोगों से झगड़ा कर लेता था। एसपी सिटी ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य अभियुक्त की तलाश में पुलिस टीम लगी है।

वर्जन

आठ सौ रुपए की बात को लेकर झगड़ा हुआ। मारपीट के दौरान रामकृपाल की चोट लगने से मौत हो गई। इस मामले में दो लोगों को अरेस्ट किया गया है।

- विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी