आगरा। शहर में मानकों को ताक पर रखकर होटल संचालित हो रहे हैं। कई में तो इमरजेंसी एक्जिट तक नहीं है। साथ ही घर-घर में शू फैक्ट्री खुली हुई हैं, जहां फायर सेफ्टी के इंतजाम दूर-दूर तक नहीं दिखते। ऐसे में सही से जांच हुई, तो सख्ती की 'आंच' इन तक पहुंचना तय है।

थानावार जुटाई जा रही जानकारी

सिटी में घनी आबादी में कई फैक्ट्रियां संचालित हैं, जिन पर किसी की नजर नहीं है। पुलिस ने अब थाना क्षेत्रों को खंगालना शुरू कर दिया है। वैसे तो सभी थाना क्षेत्रों में भारी मात्रा में फैक्ट्री चल रही हैं, लेकिन इनमें कुछ एरिया ऐसे हैं जहां पर इनकी संख्या अधिक है। थाना शाहगंज, छत्ता, एत्माद्उद्दौला, मंटोला आदि में फैक्ट्री की संख्या अधिक है। यहां पर लोगों ने घरों में कारखाने खोल रखे हैं।

घनी आबादी के बीच बनी हैं फैक्ट्री

पुलिस की लिस्ट में ऐसी फैक्ट्री भी हैं, जो घनी आबादी में हैं। लोग चोरी छिपे बड़ा कारखाना चला रहे हैं। सभी थानों क्षेत्रों से फैक्ट्री का डाटा जमा किया जा रहा है। पुलिस यदि इनकी जांच करती है, तो यहां पर ताला पड़ सकता है। चूंकि यहां पर आग से सुरक्षा के उपकरण नहीं मिलेंगे।