RANCHI: राजधानी में शीतलहरी तेज हो रही है। शनिवार को तापमान 2.3 ड्रिग्री तक पहुंच गया, लेकिन इसी बीच स्टेट का चुनावी पारा चढ़ने लगा है। शनिवार को रिम्स के कॉटेज में भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा के साथ कांग्रेस के पूर्व केन्द्रीय मंत्री सह कद्दावर नेता सुबोधकांत सहाय भी लालू यादव से मिलने रिम्स पहुंचे। इनसे कुछ देर पहले ही झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता शकील अहमद भी लालू से मिलने पहुंचे। चर्चा तेज है कि इन मुलाकातों ने सियासी तापमान को काफी बढ़ा दिया है। भाजपा के विरुद्ध चुनाव लड़ने के लिए विपक्षी दलों का गठबंधन मजबूत हो रहा है।

विपक्ष के स्टार प्रचारक होंगे शत्रु!

झारखंड में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के विरोध में लड़ने वाले विपक्षी खेमे के स्टार प्रचारक के तौर पर शत्रुघ्न सिन्हा को मैदान में उतारा जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी के पुराने सदस्य सह सांसद जब खुद अपनी पार्टी के विरोध में चुनाव प्रचार करेंगे तो जनता के दिलों दिमाग से भाजपा का नशा उतारने में विपक्ष को काफी सहायता मिल सकती है।

निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव, सपोर्ट करेगा विपक्ष

भीतरखाने से चर्चा तेज है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा शत्रु को टिकट नहीं देगी। ऐसी परिस्थिति में शत्रु या तो रिजाइन कर पार्टी छोड़ देंगे और निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। यदि इससे पूर्व भी भाजपा ने शत्रुघ्न को पार्टी से निकाल दिया तो वह निर्दलीय ही चुनाव लड़ने का मूड बना चुके हैं। चुनावी क्षेत्र के संबंध में उनका कहना है कि सिचुएशन कोई भी हो लेकिन लोकेशन वही रहेगा।

तेजस्वी वास्तव में तेजवान

लालटेन को दुनिया पहचानती है, लालू यादव न केवल पारिवारिक मित्र हैं बल्कि बेहतरीन राजनेता भी हैं। उनका बेटा तेजस्वी वास्तव में तेजवान है, भविष्य में बिहार का चेहरा बन सकता है।