प्रेसीडेंट का हुआ वॉर्म वेलकम

कड़ी सुरक्षा के बीच प्रेसीडेंट के तीन हेलिकॉप्टर दोपहर 12.00 बजे पोलोग्राउण्ड हेलिपैड पर उतरे, जहां उनके वेलकम के लिए पालिकाध्यक्ष मनमोहनसिंह मल्ल, अकादमी निदेशक पदमवीर सिंह, भारत सरकार के कार्मिक सचिव एसके सरकार, उपनिदेशक अकादमी संजीव चोपड़ा सहित अन्य मौजूद रहे। पोलोग्राउंड से राष्ट्रपति सीधे अकादमी रवाना हुए। सेमिनार 12.15 बजे शुरू हुआ और 1.15 बजे समाप्त हुआ। यंग ऑफिसर्स को स्टेट के गवर्नर अजीज कुरैशी, केंद्रीय कार्मिक मंत्री वी नारायण स्वामी, कार्मिक सचिव एसके सरकार, अकादमी निदेशक पदमवीर सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर उत्तराखण्ड के शहरी विकास मंत्री प्रीतम पंवार, मसूरी विधायक गणेश जोशी भी मौजूद थे।

प्रेसीडेंट ने शेयर किए अपने व्यूज

प्रेसीडेंट प्रणव मुखर्जी ने कहा भारतीय सिविल सर्विस को भारतीय लोकतंत्र के लिए स्टील फ्रेम माना जा सकता है। उन्होंने कहा कि, उनका जीवन बेहद साधारण रहा। स्कूल तक जाने के लिए दस किमी पैदल चलना पड़ता था। यह भारतीय लोकतंत्र की महानता ही है कि साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद वे प्रेसीडेंट के सर्वोच्च पद पर पहुंच पाए। मिड-करियर प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोलते हुए केंद्रीय कार्मिक मंत्री वी नारायणसामी ने कहा प्रशिक्षण से ही ऑफिसर्स की दक्षता में बढ़ोत्तरी होती है। जनता को समान सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सिस्टम में सुधार जरूरी है।

चारों तरफ टाइट सिक्योरिटी

प्रेसीडेंट के आगमन से पूर्व ही पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए थे। एकेडमी की ओर जाने वाले सभी रूट्स पर सुबह के दस बजे सरकारी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का संचालन रोक दिया गया। यहां तक कि पैदल जाने वालों को भी नहीं जाने दिया गया। अकादमी में सेवारत लोगों को भी बिना स्पेशल पास के अकादमी परिसर में नहीं जाने दिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस व सुरक्षा कर्मियों को भी बिना पास के अकादमी परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। प्रोग्र्राम समाप्त होने के बाद प्रेसीडेंट का हेलिकॉप्टर पोलोग्र्राउंड से जौलीग्र्रांट के लिए रवाना हुआ जहां से वे दिल्ली चले गए।

लोकायुक्त बिल के लिए बीजेपी ने किया थैंक्स

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूडी के समय भेजे गए लोकायुक्त बिल को प्रेसीडेंट द्वारा मंजूरी देने से भाजपा लीडर खासे खुश नजर आए। सुबह के समय से ही कई लीडर प्रेसीडेंट के मसूरी आने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान मसूरी विधायक गणेश जोशी ने लोकायुक्त बिल को मंजूरी दिए जाने पर राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया और इस बाबत आभार स्वरूप उनको एक ज्ञापन भी सौंपा।