lucknow@inext.co.in

LUCKNOW : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्वी यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी का राजधानी आने का कार्यक्रम फिर से टल गया है। प्रियंका को शुक्रवार को राजधानी आना था जहां पर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा होनी थी। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने इसकी सूचना भी दी थी पर अचानक इसे टाल दिया गया। ध्यान रहे कि इससे पहले भी दो बार प्रियंका का यूपी दौरे का कार्यक्रम टाला जा चुका है हालांकि बुधवार को उन्होंने मेरठ में भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर से मुलाकात की थी। पार्टी सूत्रों की मानें तो अब प्रियंका गांधी 17 मार्च को प्रयागराज आ सकती हैं और वहां से चुनावी प्रचार अभियान का बिगुल फूंकने की तैयारी है।

स्टीमर के जरिए प्रयागराज से वाराणसी जाएंगी प्रियंका

प्रियंका स्टीमर के जरिए प्रयागराज से वाराणसी जाएंगी और काशी विश्वनाथ मंदिर और विंध्याचल जाकर दर्शन करेंगी। इस दौरान वे पूर्वी यूपी के तमाम प्रत्याशियों के अलावा पार्टी पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक भी करेंगी। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिमी यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उनके साथ मौजूद रह सकते हैं। बता दें कि प्रियंका गांधी बुधवार को मेरठ पहुंची थीं, वहां उन्होंने आनंद हॉस्पिटल में भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर से मुलाकात की। प्रियंका के इस अचानक दौरे से प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन में सिक्योरिटी के लिए फोर्स की व्यवस्था की गई। चंद्रशेखर से मुलाकात कर हाल चाल जानने के बाद प्रियंका गांधी वापस दिल्ली रवाना हो गई। इस दौरान प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर समेत पश्चिमी यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहे।

प्रियंका गांधी आज बनारस का जानेंगी हकीकत

National News inextlive from India News Desk