- हंगामे के बाद नगर निगम ने डलवाया मलबा

- आधा घंटे बाद पहुंची पुलिस, तब खुला जाम

BAREILLY:

दो महीने से जलभराव की दिक्कत झेल रहे मठ लक्ष्मीपुर के लोगों का गुस्सा संडे को फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने मिनी बाईपास पर जाम लगा दिया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। इसके बाद लोगों ने शहर विधायक और केंद्रीय मंत्री से शिकायत की। जिसके बाद नगर निगम में सड़क पर मलबा डलवाया।

अधूरा छोड़ा नाला निर्माण

मिनी बाईपास किनारे रजा मार्बल से हंस नगर होते हुए मठ लक्ष्मीपुर तक नाला निर्माण के लिए नगर निगम ने कुछ महीने पहले ही मंजूरी दी थी। ठेकेदार ने मठ लक्ष्मीपुर की ओर से नाले का निर्माण शुरू कराया और महेंद्र की दुकान तक पूरा कर भी दिया। बाकी के दो हिस्सों में नाला निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। इस कारण पिछले दो महीनों से घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर ही भरने लगा। बीते दिनों हुई बारिश में पानी बढ़ गया। इस कारण हजारों लोगों का रास्ता पानी ने बंद कर दिया।

तहसील दिवस पर भी की शिकायत

स्थानीय लोगों ने जलभराव होने की शिकायत बीते दिनों तहसील दिवस में भी की थी। नगर निगम में भी लोगों ने फरियाद लगाई। बावजूद इसके सुनवाई नहीं हुई। घरों का पानी निकलकर सड़क पर बहता रहा। स्कूली बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गो को जलभराव से काफी परेशानी हुई।

आधा घंटे में पहुंची पुलिस

लोगों का गुस्सा संडे सुबह करीब 11 बजे फूट गया। लोगों ने समस्या के विरोध में मिनी बाईपास सड़क पर जाम लगा दिया। लोग सड़क पर बेंच आदि सामान डालकर बैठ गए। उन्होंने नगर निगम के खिलाफ बैनर लेकर नारेबाजी भी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।

सूचना पर पहुंची टीम

लोगों का गुस्सा भड़कने पर सड़क जाम की सूचना अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह को मिली। उनके कहने पर एई सुशील सक्सेना टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनी। इसके बाद जलभराव वाले स्थान पर मलबा डलवाया गया।