- बारिश के बाद अब तक नहीं सुधरे हालात

- गुस्साई पब्लिक ने लगाया नामनेर पर जाम

आगरा। आंधी-तूफान और बारिश के दो दिन बाद भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। कई इलाकों में लोग पानी, बिजली और साफ- सफाई की समस्या से ग्रस्त हैं। लोगों ने नगर निगम प्रशासन तक गुहार लगाई, लेकिन अबतक हालात नहीं सुधरे। घरों और दुकानों में गंदे पानी भरा हुआ है। नालों के पानी के बीच लोगों को आना-जाना पड़ रहा है। इससे नाराज लोगों ने बस्ती के भीतर ही जाम लगा दिया।

पुलिस पहुंची, जाम खुला

थाना रकाबगंज क्षेत्र के नामनेर में 2 दिनों से पानी और बिजली की व्यवस्था ठप है। इस संकट से जूझ रहे क्षेत्रीय लोगों का आक्रोश शुक्रवार को फूट पड़ा। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुएनामनेर चौराहे पर जाम जैसी स्थिति बना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच और महिलाओं से जाम हटाने को लेकर बातचीत की।

जगह-जगह गंदगी भी

महिलाओं ने बताया कि बुधवार को भयानक तूफान से दो दिन बाद भी मोहल्ले की बिजली और पानी की सप्लाई सुचारू नहीं की जा सकी। रोजमर्रा की जरूरत के लिए मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। उधर नगर निगम प्रशासन ने भी साफ- सफाई पर ध्यान नहीं दिया है। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। इससे मजबूर होकर जाम लगाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।

घरों में घुसा पानी

बुधवार की बारिश की परेशानी अब तक सबब बनी हुई है। डॉ। श्यामलाल मार्ग गुम्मट चौराहे से आगे नवादा पालीराम की बगीची के रास्ते घरों और दुकानों में पानी भर गया। इससे लोगों को बहुत नुकसान हुआ। नगर निगम में शिकायत भी की गई, लेकिन शुक्रवार तक राहत अमला नहीं पहुंचा। लोगों को चारों ओर गंदगी के बीच से आना-जाना पड़ रहा है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। जयदीप कुमार, अजय सिंह, श्रीराम, सुनील, सुल्तान सिंह, आनंद, मोनू समेत कई लोगों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई है।