1. कोरिया ओपन जीतने वाली पहली भारतीय :
भारतीय महिला बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू ने रविवार को कोरिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया। यह खिताब जीतने वाली वह पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। 1991 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट के 26 साल के इतिहास में इससे पहले किसी भारतीय शटलर को खिताबी सफलता नहीं मिली थी। सिंधू ने फाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 2-1 से हराया। इसके साथ ही सिंधु ने ओकुहारा से विश्व चैंपियनशिप की फाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया।
2. ग्रैंड स्लैम जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी :
टेनिस में ग्रैंडस्लैम जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी महेश भूपति और लिएंडर पेस की थी। 90 के दशक में पेस-भूपति की जोड़ी सुपरहिट रही थी। साल 1999 में इन दोनों ने फ्रेंच ओपन जीतकर इतिहास रच दिया था। पेस-भूपति ने गोरोन इवांसिवेक और जेफ टेरेंगो को 6-2, 7-5 से हराकर यह खिताब अपने नाम किया था। यह पहला मौका था जब मेंस डबल में किसी भारतीय ने ग्रैंडस्लैम खिताब जीता।
3. पहला वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान :
भारत ने साल 1983 में पहला वर्ल्ड कप जीता था। कपिल देव की अगुवाई में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को मात देकर इस खिताब पर कब्जा किया। वहीं टी-20 वर्ल्डकप की बात करें तो यह टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान एमएस धोनी हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने साल 2007 में पहला टी-20 वर्ल्डकप हासिल किया था।
4. ओलंपिक में पहला मेडल जीतने वाला भारतीय खिलाड़ी :
ओलंपिक में शुरुआत में भारतीय हाकी टीम का काफी दबदबा रहता था। हॉकी का जादूगर मेजर ध्यानचंद ने भारत को कई गोल्ड मेडल दिलाए। लेकिन व्यक्ितगत तौर पर किसी खिलाड़ी ने पहला ओलंपिक मेडल जीता, वो थे रेसलर के.डी.जाधव...उन्होंने साल 1952 में हेलिंस्की में हुए ओलंपिक में भारत को ब्रांज मेडल दिलवाया था।
5. विश्व मुक्केबाजी में पदक जीतने वाला पहला भारतीय :
विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला पदक दिलाने वाले विजेंदर सिंह हैं। विजेंदर ने 2009 में मिलान में हुई 15वीं विश्व चैम्पियपशिप में कांस्य पदक जीता था। हालांकि कोई भी भारतीय खिलाड़ी अभी तक इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल नहीं जीत पाया है।
Sports News inextlive from Sports News Desk