- सिकंदरा के ईट की मंडी क्षेत्र में स्थित होटल में चल रहा था अनैतिक कार्य

- काफी समय से मिल रही थी शिकायत, मैनेजर समेत छह लोगों को पकड़ा

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन होटल में शुक्रवार शाम पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को यहां अनैतिक कार्य होने की शिकायत काफी दिनों से मिल रही थी। होटल मैनेजर समेत छह लोगों को मौके से पकड़ा। इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

कई दिनों से मिल रही थी शिकायत

थाना क्षेत्र के बोदला ईट मंडी के पास एक होटल का निर्माण चल रहा है। दिन में यहां अक्सर लड़के-लड़कियों का आना-जाना लगा रहता है। पुलिस को ऐसी ही शिकायत पिछले कई दिनों से मिल रही थी। शाम को जब पुलिस मौके पर पहुंची तो होटल में अफरा-तफरी मच गई।

रंग-रेलियां मनाते पकड़े

पुलिस ने होटल की तलाशी ली तो दो लड़के और लड़कियां रंग-रेलियां मनाते पकड़े। होटल के मैनेजर से पूछताछ की, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर चौकीदार समेत सभी छह लोगों को पुलिस थाने ले आई। अश्लील धारा में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने लड़कियों के परिजनों को फोन कर थाने बुलाया। परिजनों के आने के बाद लड़कियों को उनके हवाले कर दिया। जबकि अन्य पर कार्रवाई की गई।

माहौल खराब कर रहे थे

क्षेत्रीय लोगों के अनुसार होटल में पिछले कई दिनों से इस तरह का अनैतिक कार्य चल रहा था। इसके चलते आसपास का माहौल खराब हो रहा था। विरोध किया तो होटल प्रबंधन द्वारा धमकाया जाता था। इसके चलते कोई भी खुलकर विरोध करने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाता था। पुलिस में कई बार शिकायत की। लेकिन, तब कार्रवाई नहीं की गई।

पूर्व में भी मामले आए सामने

इस क्षेत्र में ये ऐसा पहला होटल नहीं है, जिसमें इस तरह की अनैतिक गतिविधियां पकड़ी गई हैं। पूर्व में कई होटल का पर्दाफाश हो चुका है। अब भी कई होटल इस तरह की गतिविधि में शामिल हैं। माहौल खराब होने पर क्षेत्रीय लोग शिकायत भी करते हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने में ढुलमुल रवैया अपनाती है। इसके चलते होटल संचालकों के हौसले बुलंद रहते हैं।