-मेट्रो सिटीज में रह रहे लोगों को दीपावली पर घर लौटना हो रहा मुश्किल

-सभी ट्रेन्स में नो रूम होने से विभिन्न शहरों से लोग बस व कार से पहुंच रहे अपने घर

VARANASI

मेट्रो सिटीज में रह रहे लोगों को दीपावली पर घर लौटना काफी मुश्किल हो रहा है। हाल ये है कि इस समय लगभग सभी ट्रेन्स में नो रूम की स्थिति है। ऐसे में बहुत सारे लोगों ने बस और कार की ओर रुख कर लिया है। इसमें उनको अधिक पैसे खर्च करने के अलावा भारी परेशानी भी फेस करनी पड़ रही है। वहीं इस समय मेट्रो सिटीज से कैंट स्टेशन पहुंच रही ट्रेन्स में लोग ठूसे आ रहे हैं। जर्नी के दौरान सिर्फ उन्हें ही राहत है जिन्होंने काफी पहले ही कंफर्म टिकट ले रखा है।

जनरल में भी सांसत

सात नवंबर को मनायी जाने वाली दीपावली के बीच इस समय किसी भी ट्रेन में सीट खाली नहीं है। यहां तक कि जनरल बोगी में भी लोग खड़े होकर अपनी जर्नी पूरी कर रहे हैं। दो दिन पहले पांच नवंबर को मेट्रो सिटीज से कैंट स्टेशन पर पहुंची ट्रेन में तिल रखने की जगह नहीं थी। कमोवेश यही हाल एक दिन पहले भी थी। दूसरी ओर इधर से रवाना होने वालों को भी ट्रेन्स में जबरदस्त भीड़ के बीच यात्रा करनी पड़ रही है। बता दें कि दीपावली के छह दिन बाद 13 नवंबर को बनारस सहित आसपास के जिलों में छठ मनाया जाएगा। जिसमें शामिल होने के लिए मेट्रो सिटीज में रहने वाले हजारों लोग अपने घर आते हैं। कई बार तो दीपावली में आए लोग छठ बाद ही वापस लौटते हैं। इसके चलते भी ट्रेन्स में जबरदस्त भीड़ है।

नो रूम दे रहा दर्द

एक तरफ ट्रेन में जगह नहीं तो दूसरी ओर टिकट नहीं मिलने पर मेट्रो सिटीज में रहने वाले बनारस के लोगों को दीपावली व छठ के समय अपने घर आना मुश्किल हो रहा है। नई दिल्ली, अहमदाबाद, सूरत, पंजाब, मुंबई, कोलकाता, पुणे, सिकंदराबाद जैसे शहरों से आने वाली ट्रेन्स में नो रूम की स्थिति है। सेकेंड एससी, थ्री एसी और स्लीपर क्लास में नो रूम शो करने लगा है। यह स्थिति दीपावली बाद तक है। ऐसे में रिजर्वेशन काउंटर्स और साइबर कैफे में रिजर्वेशन कराने पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौट जाना पड़ रहा है।

आना नहीं, जाना भी मुश्किल

-रिजर्वेशन खुलते ही बुक हो जा रहे तत्काल टिकट

-पहले से रिजर्वेशन कराने वाले ही कर पा रहे जर्नी

-वेटिंग टिकट भी मिलना मुश्किल

-07 नवंबर को दीपावली और 13 नवंबर को है छठ

-वापस लौटने के लिए भी नहीं मिल पा रहा कंफर्म टिकट

-लगभग सभी ट्रेन्स में शो कर रहा नो रूम