PATNA: अब ड्यटी में खेल नहीं चलेगा। काम पर हैं तो ऑन स्पाट सबूत देना होगा। जी हां रेल एसपी पटना ने पुलिस और पदाधिकारियों की मनमानी पर अंकुश लगाने को लेकर ऐसा ही कुछ प्लान तैयार किया है। अब रेल पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों को ड्यूटी पर पहुंचते ही मोबाइल से लाइव वीडियो संबंधित रेल पुलिस के सोशल मीडिया गु्रप पर पोस्ट करना होगा। रेल पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इससे मनमानी पर पूरी तरह से अंकुश लग जाएगी। बता दें कि रेल पुलिस में ड्यूटी को लेकर बड़ा खेल चलता था। रेल पुलिस के जवान से लेकर पदाधिकारी तक ड्यूटी पर होने की बात कहकर मस्ती करते थे। गस्त के नाम पर पुलिस की मस्ती के कारण ही अपराध का ग्राफ बढ़ रहा था। चोरी के साथ अन्य घटनाएं रेल पुलिस को काफी सता रही थी। इस पर अंकुश लगाने को लेकर कई बड़ा प्लान बना लेकिन सफल नहीं हो पाया और मनमानी करने वालों ने इसकी काट खोज ली। रजिस्टर मिलान से लेकर अन्य कई पहल रेल पुलिस अधिकारियों ने की लेकिन योजना सफल ही नहीं हो पाई। अब ऐसा प्लान बनाया गया है जिससे रेल अपराध पर अंकुश लगाना आसान होगा।

ऐसा बनाया गया प्लान

रेल एसपी पटना अशोक कुमार सिंह ने पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों की मनमानी पर अंकुश लगाने को लेकर आधुनिक संसाधनों का इस्तेमाल किया है। इसके लिए उन्होंने कई पुलिस का सोशल मीडिया गु्रप क्रिएट कराया है। गु्रप का एडमिन उसे बनाया गया जो संबंधित टीम का लीडर है। गु्रप में जुड़े अफसरों को संबंधित की ग्रुप के मेंबर पुलिस के पदाधिकारियों की मॉनीटरिंग करनी होगी। इस दौरान वह हर एक मेंबर पर नजर रखेगा कि कौन कहां है और क्या कर रहा है। हर दिन की रिपोर्ट तैयार होगी और इसकी समरी रेल एसपी को दी जाएगी।

एसपी खुद करेंगे क्रॉस चेकिंग

रेल एसपी खुद इस पूरी प्रक्रिया की मॉनीटरिंग करेंगे। वह हर गु्रप पर नजर रखेंगे और संबंधित एडमिन से जानकारी हासिल करेंगे। ट्रेनों में चेकिंग की व्यवस्था सही हो, इसे लेकर रेल एसपी का बड़ा प्लान है। रेल एसपी ने ऐसी व्यवस्था बनाई है जिससे ट्रेन में भी गस्त के नाम पर रेल पुलिस मस्ती नहीं कर पाएगी।

रेल पुलिस की मनमानी पर अंकुश लगाने को लेकर प्लान तैयार किया गया है। इससे जवानों से लेकर पुलिस पदाधिकारियों की मनमानी पर रोक लगेगी। कई गु्रप बनाए गए हैं और हर गु्रप से मॉनीटरिंग का काम चल रहा है। इसमें लापरवाही पकड़ में आने पर कार्रवाई की जा रही है।

अशोक कुमार सिंह, एसपी, रेल पटना