- मसूरी में पांच साल बाद सर्वाधिक हिमपात, उत्तरकाशी और बड़कोट में आठ, पौड़ी में छह साल बाद गिरी बर्फ

- बारिश और बर्फबारी से बढ़ी ठंड, आज राहत देगा मौसम

DEHRADUN: उत्तराखंड में सोमवार रात से शुरू हुआ बारिश और बर्फबारी का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। गढ़वाल और कुमाऊं की पहाडि़यों में भारी हिमपात हुआ है। मसूरी में पांच साल बाद हिमपात से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। उत्तरकाशी व बड़कोट में आठ और पौड़ी में छह साल बाद बर्फ गिरी है। नैनीताल के आसपास की पहाडि़यां भी बर्फ से सफेद सफेद हो गई हैं। बारिश और बर्फबारी से पहाड़ों के साथ ही मैदानों में ठंड बढ़ गई है। किसानों ने बारिश को फसलों के लिए उपयोगी बताया है।

मसूरी में जमकर हुआ हिमपात

मौसम विभाग के अनुसार मसूरी में पांच साल में इस बार सर्वाधिक हिमपात हुआ है। वर्ष 2015 और 2017 में यहां हिमपात नहीं हुआ, जबकि 2016 में यहां 2.2 और 2018 में 1.1 सेमी बर्फबारी हुई थी। वहीं इस बार अब तक यह आंकड़ा 6.4 सेमी तक पहुंच गया है। बर्फ गिरने की सूचना मिलते ही देहरादून, हरिद्वार और आसपास के शहरों से सैलानी मसूरी पहुंचे। इसके साथ ही गढ़वाल मंडल में भी विभिन्न स्थानों पर हिमपात हुआ। पौड़ी, नई टिहरी और उत्तरकाशी, हर्षिल, मोरी और पुरोला बर्फ से लकदक हैं। पौड़ी और नई टिहरी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। इसके अलावा बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ चमोली और केदारघाटी ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है। केदारनाथ में सोमवार से अब तक करीब तीन से चार फीट बर्फ पड़ चुकी है। कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले में मुनस्यारी, सौरलेख, ध्वज, थलकेदार, चंडाक और चौकोड़ी में जमकर बर्फबारी हुई। इसके अलावा कालामुनि बिटलीधार, नारायण आश्रम और धारचूला के चौदास घाटी में हिमपात हुआ। अल्मोड़ा का रानीखेत, दन्या क्षेत्र, आरतोला और जागेश्वर धाम बर्फ से लकदक हो गया। इधर, मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से मौसम राहत देगा। हालांकि इस दौरान पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है।

बर्फबारी से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद

बारिश और बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बर्फबारी के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद हो गए हैं। वहीं गढ़वाल मंडल में 11 संपर्क मार्गो पर यातायात ठप हो गया है। मंडल में करीब 120 गांव जिला मुख्यालयों से कट गए हैं। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप है। मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने सभी सात जिलों के स्कूलों में पहले ही मंगलवार का अवकाश घोषित कर दिया था। जिला प्रशासन ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी और चमोली में बुधवार को भी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।