स्लग: महीने भर में एक भी अवैध ऑटो पर नहीं हुई कार्रवाई, रूट परमिट नहीं लेने वालों को हटाना था

-सिर्फ 2335 को परमिट, 20,665 ऑटो अवैध रूप से दौड़ रहे हैं सिटी में

RANCHI (29 April): आदेश निकालकर कार्रवाई करना ही रांची नगर निगम भूल जा रहा है। सिटी में चल रहे 20,665 अवैध ऑटो को हटाने का आदेश निकाला गया था, लेकिन महीना खत्म होने को आया एक भी अवैध ऑटो पर कार्रवाई नहीं की गई। नतीजन, शहर में एक ओर जहां जाम की स्थिति आम हो गई है वहीं पॉल्यूशन लेवल भी बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद रांची नगर निगम न तो अवैध आटो संचालकों पर कार्रवाई कर रहा है और न ही उन्हें हटाने की कोई पहल कर रहा है। जबकि नगर निगम की ओर से अभियान चलाकर सिटी से अवैध आटो हटाने का आदेश दिया गया था। लेकिन, महीने भर बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नगर निगम के अधिकारियों की नाकामियां उजागर हो रही हैं।

2335 ऑटो को ही परमिट

सिटी में 2335 ऑटो को ही आरटीओ से परमिट मिला था। इसके बाद सिटी में चलने वाले सभी ऑटो अवैध रूप से दौड़ रहे हैं। लेकिन आदेश के बाद आजतक एक भी आटो पर निगम ने कार्रवाई नहीं की। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने कभी-कभी एक-दो आटो वालों को बिना परमिट के पकड़ा और उनपर फाइन भी किया। इसके बाद उन्होंने भी आटो को पकड़ना बंद कर दिया।

दिया गया था क्यूआर कोड

निगम की ओर से जारी पास में क्यूआर कोड है। यह कदम इसलिए उठाया गया था ताकि पास का डुप्लीकेट न तैयार किया जा सके। वहीं परमिट वाले आटो की पहचान करने में भी दिक्कत न आए।

क्या है नियम

अभियान के तहत पहली बार पकड़े जाने पर 5 हजार, दूसरी बार 15 हजार और तीसरी बार में 25 हजार जुर्माना लगाया जाना है। इसके बाद भी अगर ऑटो चालक नहीं चेता तो ऑटो जब्त कर लिया जाएगा। वहीं आटो संचालक पर भी कार्रवाई की जाएगी।

आरटीओ से परमिट वालों को ही पास

रांची नगर निगम की ओर से सिर्फ वैसे ऑटो को ही पास जारी किया गया है, जिसे आरटीओ से ऑटो संचालन का परमिट मिला है। पास कलर की बेसिस पर जारी किए गए हैं, ताकि ऑटो की पहचान करने में आसानी हो सके। वहीं रूट भी तय कर दिया गया है। अगर दूसरे रूट में ऑटो चलाते पकड़े गए तो जुर्माना लगाने की योजना है।

सिटी से बाहर बिना परमिट वाले ऑटो

निगम से ऑटो रूट पास जारी नहीं किए गए आटो को शहर में चलने पर पाबंदी होगी। ऐसे में शहर के आउटर एरिया में बिना परमिट वाले ऑटो का परिचालन करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन यह योजना भी ठंडे बस्ते में चली गई।

इन रूटों पर सबसे ज्यादा ऑटो

अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़

बिरसा चौक से हिनू

राजेंद्र चौक से बहु बाजार, कांटा टोली

रामपुर से कांटाटोली

बरियातू से बूटी मोड़

बिरसा चौक से हरमू रोड, रातू रोड

ओरमांझी से बूटी होते कांटाटोली चौक

धुर्वा से हटिया होते हुए कचहरी तक