RANCHI : विशेष सफाई अभियान में लगे मजदूर, डोर टू डोर डस्टबिन फुल। जी हां, प्रधानमंत्री के रांची दौरे को लेकर शहर की मुख्य सड़कों को चमकाने का काम चल रहा है। इस दौरान सुबह से कई शिफ्टों में सफाई कराई जा रही है। इसके लिए वार्डो में लगे एजेंसी के मजदूरों को भी विशेष अभियान में लगा दिया गया है। इधर, वार्डो में मजदूर कम होने के कारण डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन ठप हो गया है। वहीं कचरे से भरी गाडि़यां भी खाली होने के इंतजार में एमटीएस में खड़ी हैं। निगम के मजदूर किसी तरह वार्डो की सफाई करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन लोगों के घरों से कचरा नहीं उठ पा रहा है। इस मामले में हेल्थ सेक्शन के इंचार्ज से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसिव नहीं किया।

एक वीक से वेस्ट कलेक्शन ठप

लोगों के घरों से कचरा उठाने एक हफ्ते से गाडि़यां ही नहीं जा रही हैं। मिनी ट्रांसफर स्टेशन में लगी गाडि़यां भी पहले से ओवरलोड खड़ी हैं। वहीं कांपैक्टर भी कचरा लेकर झिरी डंपिंग यार्ड में नहीं जा रहे हैं। अगर जल्द ही घरों से कचरे का उठाव शुरू नहीं होता है तो शहर में महामारी फैल जाएगी। वहीं डेंगू-चिकनगुनिया का प्रकोप एकबार फिर शहर में बढ़ जाएगा।

दो दर्जन वार्डो में गंदगी

एस्सेल इंफ्रा की कंपनी आरएमएसडब्ल्यू 33 वार्डो में डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन कर रही है। लेकिन एक हफ्ते से गाडि़यों के झिरी नहीं जाने के कारण काम ठप हो गया है। कुछ इलाकों से कलेक्शन हो रहा है। लेकिन पूरे वार्ड को कवर करने में एजेंसी की हालत खराब है। गाडि़यां खाली नहीं होने के कारण कुछ इलाकों से कचरा उठाकर निकल जाती हैं। इसका खामियाजा दो दर्जन वार्डो के लोग भुगत रहे हैं। वहीं, लोग घरों का कचरा रोड में फेंकने को मजबूर हैं। बारिश के कारण कचरे से दुर्गध निकलने लगी है। इस कारण पास से गुजरना भी लोगों के लिए आफत बन गया है। कई इलाकों में तो पब्लिक का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।

एक घर से डेली 300 ग्राम कचरा

राजधानी में एक घर से एवरेज 300 ग्राम कचरा निकलता है। ऐसे में सिटी में डेढ़ लाख हाउस होल्डर्स हैं। इससे अंदाजा लगाया जाए तो एक दिन में राजधानी के घरों से 45 हजार किलो कचरा निकलता है। जिसे न उठाया जाए तो अगले दिन उतने ही कचरे का एक्स्ट्रा बोझ भी बढ़ जाता है।

क्या कहते हैं वार्ड पार्षद

गाडि़यां तो एमटीएस में ही खड़ी रहती हैं। कचरा नहीं उठता है तो पब्लिक हमारे पास आती है। अब जवाब तो हमें देना पड़ता है। एजेंसी पर एक्शन लेने की जरूरत है।

जेरमिन कुजूर, वार्ड-15

एजेंसी ढंग से वार्डो की सफाई नहीं कर पा रही है। अब तो त्योहार शुरू हो चुका है। ऐसे में भी शहर की सफाई नहीं होगी तो एजेंसी को तत्काल हटा देना चाहिए।

अर्जुन यादव, पार्षद, वार्ड-10