- पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा किया दर्ज

- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश

ALMORA : दन्या थाना क्षेत्र के एक दूरस्थ गांव में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी एक वृद्ध है, जो पीडि़ता का दूर का रिश्तेदार है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

पीडि़ता की मां ने बुधवार देर शाम दन्या थाने में दी तहरीर में कहा कि तीन दिन पहले उनकी बेटी सुबह करीब 10 बजे गांव के ही प्रताप सिंह (65) के घर के पास स्थित टंकी से पानी लेने गई थी। तभी प्रताप सिंह उनकी बेटी को जबरन अपने घर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घर पहुंची डरी सहमी पीडि़ता ने कुछ नहीं बताया। मां ने बताया कि घटना के बाद उनकी बेटी गुमसुम रहने लगी तो उन्होंने उससे इसका कारण पूछा। इसके बाद पीडि़ता ने आपबीती बताई। पीडि़ता ने बताया कि वृद्ध ने किसी को कुछ बताने पर उसे चाकू से मारने की धमकी भी दी है। पीडि़ता की माता की तहरीर पर दन्या थाने में अभियुक्त के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। दुष्कर्म की शिकार नाबालिग सातवीं कक्षा की छात्रा है। थानाध्यक्ष अजय साह ने बताया कि नाबालिग को मेडिकल के लिए भेजा गया है। घटना के बाद से आरोपित गांव से फरार है।