-रविवार शाम से फिर बदला मौसम का मिजाज

-कश्मीर और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी का दिखा असर

GORAKHPUR: मौसम का मिजाज बदलने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार शाम से एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली। इस दौरान सर्द हवाएं और कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाता रहा। मौसम विभाग की मानें तो आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। दो दिनों तक सुबह में घना कोहरा रहेगा। उसके बाद मौसम साफ रहेगा। इस दौरान सर्द हवाएं परेशान कर सकती हैं।

रात से बदला मौसम

पिछले कई दिनों से तेज धूप लोगों को राहत दे रही थी। इस बीच शनिवार को हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज चेंज होने लगा। रविवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह से बदल गया। शाम होते-होते सर्द हवाएं चलने लगी, जो रात में काफी सर्द हो गई। सुबह होने के साथ ही घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाता रहा। वहीं, सुबह से ही हल्की धूप निकलने के बाद फिर बदली छाई गई। देर शाम तक बादल छाए रहे। शाम होते-होते थोड़ी देर सूरज के दर्शन हुए, लेकिन फिर बदली छा गई। देर शाम तेज हवाओं की वजह से गलन बढ़ गई और लोग घरों में कैद होने के लिए मजबूर हो गए।