JAMSHEDPUR: रास्का संताली फिल्म अवार्ड समारोह की तैयारी शुरू कर दी गई है। पांच मई को बिरसा मुंडा टाउन हॉल सिंदगोड़ा में 9वें रास्का अवार्ड समारोह का आयोजन किया जाएगा। अवार्ड समारोह में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसकी जानकारी गुरुवार को टाटा स्टील, अर्बन सर्विसेज कांफ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में रास्का के निदेशक मंडल ने दी।

रास्का फिल्म फेस्टिवल के तहत चयनित फिल्मों की ज्यूरी स्क्रीनिंग गुरुवार से शुरू कर दी गई। पंडित रघुनाथ मुर्मू अकाडमी ऑफ संताली सिनेमा एंड आर्ट (रास्का) द्वारा आयोजित संताली फिल्म रास्का अवार्ड समारोह के लिए नौ फिल्मों का चयन किया गया है। अवार्ड समारोह का आयोजन पंडित रघुनाथ मुर्मू के जन्म तिथि पांच मई को किया जाएगा। समारोह में चयनित फिल्मों को 20 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा।

गुरुवार को अर्जुन अवार्डी बगीचा सिंह और अर्बन सर्विसेस के सीनियर मैनेजर मंजू मिश्रा ने संयुक्त रूप से फिल्म की ज्यूरी स्क्रीनिंग का शुभारंभ किया। पहले दिन अर्बन कांफेंस हॉल में संताली फिल्म दुलकाव दिखाई गई। गुरुवार को हुई प्रेस वार्ता में रास्का निदेशक मंडल के सूर्य सिंह बेसरा, रतन बेसरा, रवींद्रनाथ मुर्मू, शंकर हेंब्रम, बैद्यनाथ मार्डी, मानसिंह मांझी, रितेश टुडू, जवाहर लाल मार्डी तथा बिरधान मरांडी उपस्थित थे।

कब कौन सी फिल्म की स्क्रीनिंग

दिशोम जाहेर करनडीह में फिल्मों का ज्यूरी स्क्रीनिंग होगी। इनमें 27 अप्रैल को आमा: दुलाड़ रि†ा झाली येना, दोपहर एक बजे से बुरू कोचा कुड़ी और दोपहर तीन बजे से अर्जुन फिल्म की स्क्रीनिंग होगी। 28 अप्रैल को दस बजे नाई पारोम दुलाडि़या और दोपहर एक बजे से मिलोन माला एवं 29 अप्रैल को दस बजे से सोबोरनाखा सुरूबाली, दोपहर एक बजे से फूलमनी और तीन बजे से सागेन साकाम की स्क्रिीनिंग होगी।

20 श्रेणियों में प्राइज

रास्का संताली फिल्म अवार्ड समारोह 2018 में 20 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिया जाएगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ सिनेमा, सर्वश्रेष्ठ सिनेमा, दर्शकों की पसंद, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता समेत अन्य कैटेगरी में पुरस्कार दिए जाएंगे।

होगा कल्चरल प्रोग्राम

अवार्ड समारोह में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें सागेन साकाम डांस ग्रुप, संतरागाछी, पश्चिम बंगाल, बेली डांस ग्रुप, कोलकाता पश्चिम बंगाल, हिंसी उर्वशी डांस ग्रुप, जमशेदपुर, झारखंड, राजू राज डांस ग्रुप, बोकारो मनमोहक प्रस्तुती देंगे।